सुधीर शर्मा के छलके आंसू; बिकाऊ नहीं, सेवक हूं

By: Mar 29th, 2024 12:57 am

जोरावर मैदान में अभिनंदन समारोह में हुए भावुक, मां ने कहा, ‘कांग्रेस अब वैसी नहीं रही, भाजपा में चला जा’

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – धर्मशाला
भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के उस समय आंसू छलक आए, जब वह अपना संबोधन दे रहे थे। सुधीर अचानक भावुक हो गए, जब उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि वह बिकाऊ है, इस दौरान सुधीर की आंखें भर आईं और उन्होंने कहा कि मैं दल-बदलू या बिकाऊ नहीं हूं, सिर्फ जनसेवक हूं और धर्मशाला की जनता के सम्मान के लिए मुझे यह फैसला लेना पड़ा। जोरावर स्टेडियम में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान सुधीर शर्मा ने कहा कि उनके पिता भी कांग्रेसी रहे थे और प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं, मैं भी कांग्रेसी विचारधारा को मानता था, इसलिए सबसे पहले मैंने अपनी माता जी से इस बारे में बात की, तो मेरी माता ने कहा कि बेटा अब तू भाजपा में चला जा, अब कांग्रेस वैसी नहीं रही, जैसी तेरे पिता जी के समय थी। भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने कहा कि कौन व्यक्ति अपना विधायक का पद छोड़ सकता है, लेकिन जिन धर्मशाला के लोगों ने मुझे चुनकर विधानसभा भेजा था, उनके काम नहीं हो रहे थे, तो मेरा विधायक बने रहना कोई मायने नहीं रखता था, जहां सम्मान न मिले, उस पार्टी में रहने का सवाल नहीं होता है।

वह जोरावर स्टेडियम में भाजपा द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने पर आयोजित अभिनंदन समारोह में बोल रहे हैं। सीएम सुक्खू बदले की राजनीति कर रहे थे, इसलिए हमें हाशिए पर धकेला जा रहा रहा था। सीएम सुक्खू शुरू से यहीं कह रहे हैं कि खजाना खाली है, जो उन्हें शोभा नहीं देता है, क्योंकि धन का प्रबंध करना मुखिया का काम होता है। इससे पूर्व धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में भाजपा नेता सुधीर शर्मा का जोरदार स्वागत किया गया । इस दौरान बाइक्स रैली भी निकाली गई। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल सहित, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के चुनाव प्रभारी एवं सुलाह के विधायक विपिन परमार, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से लोकसभा के लिए भाजपा के उम्मीदवार डा. राजीव भारद्वाज सहित कांगड़ा व चंबा के अन्य पार्टी नेता मौजूद रहे। धर्मशाला पहुंचने से पूर्व सुधीर शर्मा ने मां चांमुडा का आशीर्वाद लिया। चामुंड़ा से सुधीर बाइक रैली के साथ जोरावर स्टेडियम पहुंचे। इसके बाद उन्होंने विस क्षेत्र के अन्य मंदिरों में जाकर शीश नवाया।

सुक्खू होंगे कांग्रेस के अंतिम सीएम
सुधीर शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि सुक्खू कांग्रेस के अंतिम मुख्यमंत्री होंगे और उनकी छोटी सी प्रतिमा रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री यशवंत सिंह परमार के साथ लगाई जाएगी। सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कांगे्रस की इस हालत के लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा लगाए गए खरीद-फरोख्त के सवाल पर कहा कि इस तरह के आरोपों के खिलाफ मुख्यमंत्री को कोर्ट में घसीटा जाएगा। उन्होंने कहा कि सुधीर शर्मा कोई बिकाऊ नही है। उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का उन्हें प्रत्याशी बनाने के लिए आभार प्रकट किया।

सुधीर शर्मा की स्वागत जनसभा से सांसद किशन कपूर की दूरी
सुधीर शर्मा के स्वागत के लिए रखी गई जनसभा से सांसद किशन कपूर ने दूरी बनाए रखी। कपूर एक दिन पहले ही अपने बगावती तेवर दिखा चुके हैं। लोकसभा टिकट के लिए पैनल में नाम न भेजने से लेकर किशन कपूर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके हैं। पिछले चुनावों में प्रत्याशी रहे राकेश चौधरी ने जनसभा से एक दिन पहले ही भाजपा छोड़ दी थी। ऐसे में भाजपा के लिए धर्मशाला आसान नहीं होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App