लदवाह में वर्कर्ज को 400 पार के लक्ष्य पर टिप्स

By: Mar 25th, 2024 12:16 am

पंचायती राज प्रकोष्ठ का सम्मेलन, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डा. राजीव भारद्वाज ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

निजी संवाददाता-सलूणी
डलहौजी भाजपा मंडल का पंचायती राज प्रकोष्ठ का सम्मेलन रविवार को लिग्गा पंचायत के लदवाह गांव में संपन्न हुआ। सम्मेलन में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डा. राजीव भारद्वाज ने मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थिति दर्ज करवाई, जबकि अध्यक्षता डलहौजी भाजपा मंडलाध्यक्ष विजय ठाकुर ने की। सम्मेलन में जिला भाजपा प्रधान धीरज नर्याल भी विशेष तौर से मौजूद रहे। डा. राजीव भारद्वाज ने दीप प्रज्जवलित करके विधिवत तरीके से सम्मेलन का शुभारंभ किया। भाजपा मंडलाध्यक्ष ने मुख्यातिथि व जिला भाजपा प्रधान को सम्मानित करने की रस्म भी अदा की। डा. राजीव भारद्वाज ने कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अब की बार 400 के पार लक्ष्य को हासिल करने को लेकर टिप्स दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं व प्रदेश की सुक्खु सरकार की झूठी गारंटियों की जानकारी देने के लिए बूथ स्तर तक लोगों से संपर्क करने को कहा।

उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव काफी अहम है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में भाजपा के पक्ष में हवा चल रही है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश की चारों संसदीय सीटों पर भी भाजपा प्रत्याशी की जीत को सुनिश्चित बनाना कार्यकर्ता का दायित्व है। जिला भाजपा प्रधान धीरज नर्याल ने भी कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनावों को लेकर मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा गठबंधन प्रचंड बहुमत के साथ देश की सत्ता संभालेगा। और नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री की कुर्सी पर विराजमान होंगें। इस मौके पर मंडल महामंत्री मदन ठाकुर, सचिव जरम सिंह, अश्वनी शर्मा, देसराज बंसत, रविंद्र कुमार, योगराज गौतम के अलावा विभिन्न भाजपा समर्थित पंचायतों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App