1800 करोड़ रुपए के बाद दो और नोटिस

By: Mar 31st, 2024 12:06 am

‘कर आतंकवाद’ का नाम लेकर भाजपा पर बरसी कांग्रेस

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि पार्टी को 1,800 करोड़ रुपए से अधिक का ताजा टैक्स नोटिस मिलने के एक दिन बाद शुक्रवार रात आयकर विभाग (इनकम टैक्स) से दो और नोटिस मिले हैं। एक प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि शुक्रवार रात हमें दो और नोटिस भेजे गए। जयराम रमेश ने कहा कि देश की विपक्षी पार्टी पर कर आतंकवाद से हमले किए जा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी को निशाना बनाया गया है। हमें शुक्रवार रात को दो और नोटिस मिले हैं। शुक्रवार को जब हम प्रेस कान्फ्रेंस कर रहे थे, तब तक चार नोटिस मिले थे।

शुक्रवार रात दो और मिल गए हैं। आज मैं नहीं जानता कितने नोटिस आएंगे। अभी तक तो (सीताराम) केसरी जी के जमाने के ही नोटिस आए हैं। इससे पहले शुक्रवार को, कांग्रेस ने कहा कि उसे आयकर विभाग से नए नोटिस मिले हैं, जिसमें उसे लगभग 1,823 करोड़ रुपए का भुगतान करने के लिए कहा गया है। कांग्रेस ने कहा कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आयकर विभाग ने टैक्स रिटर्न में कथित विसंगतियों के लिए 1823.08 करोड़ रुपए के भुगतान का नया नोटिस उसे जारी किया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि लोकसभा चुनाव से पहले कर आतंकवाद (टैक्स टेररिज्म) के जरिए विपक्ष पर हमला किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App