लाहुल में आसमान से बरसी सफेद आफत, तांदी में ग्लेशियर की चपेट में आई चार दुकानें

By: Mar 4th, 2024 12:06 am

जनजातीय जिला में बर्फबारी का दौर जारी, सडक़ों पर गुजरना खतरे से खाली नहीं

लाहुल प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, सतर्क रहें लोग

जिला संवाददाता-केलांग

जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में लगातार बर्फबारी का दौर जारी है। हिमस्खलन का भी खतरा बरकरार है। रविवार को दो जगहों पर हिमस्खलन हुआ है। हालांकि जानी कोई नुकसान नहीं है, लेकिन नदी का बहाव रुका और कुछ दुकानें हिमस्खलन की जद में आ गई हैं। सिस्सू के समीप भी पहाड़ी से भारी हिमस्खलन हुआ, जिसके चलते अब चंद्रभागा नदी का प्रवाह रुक गया है। हालांकि सर्दियों के चलते नदी का प्रवाह काफी कम है। इसके अलावा लाहुल घाटी के तांदी में पहाड़ी से भारी हिमखंड गिरने के चलते वहां पर चार दुकान भी दब गई है। गनीमत यह रही कि उस समय दुकानों के भीतर कोई नहीं था, जिसके चलते कोई जाने नुकसान नहीं हुआ है। इसके अलावा जगह-जगह पर हिमखंड भी गिर रहे हैं। ऐसे में लाहुल-स्पीति प्रशासन ने भी घाटी में एडवाइजरी जारी की है।

घाटी में हिमखंड गिरने का खतरा

एसपी लाहुल-स्पीति मयंक चौधरी का कहना है कि घाटी में मौसम लगातार खराब चल रहा है और आसमान से बर्फबारी हो रही है। अब बर्फबारी के बाद घाटी में हिमखंड गिरने का भी खतरा बना हुआ है, जिससे किसी भी प्रकार का नुकसान हो सकता है।

नेहरूकुंड से आगे जाने पर रोक

जिला कुल्लू में तीन दिन से भारी बारिश हो रही है और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। पर्यटन नगर मनाली और उसके साथ लगते इलाकों में बर्फबारी हो रही है। ऐसे में सैलानियों की आवाजाही नेहरूकुंड से आगे की ओर बंद कर दी गई है।

यमुना नदी में फंसे 12 लोग रेस्क्यू

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब

पांवटा साहिब में यमुना नदी के जल स्तर बढऩे के बाद रामपुरघाट में लीज में रेत-बजरी लेने पहुंचे आधा दर्जन लोगों को प्रशासन द्वारा रेस्क्यू किया गया। जानकारी के अनुसार मानपुर देवड़ा में शनिवार देर रात से कुछ ट्रक यमुना नदी में भारी जल स्तर के कारण नदी में फंस गए। शनिवार को लगातार भारी बारिश के कारण जल स्तर बढऩे से देर रात एक निजी क्रशर पर रेत-बजरी लेने पहुंचे लगभग आधा दर्जन ट्रक यमुना नदी में फंस गए।

रात भर फंसे इन ट्रक ड्राइवरों व कंडक्टरों को सुबह स्थानीय प्रशासन व पुलिस ने बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में कामयाब हुए। यमुना नदी में फंसे लोगों में हरदीप सिंह ऊना, सोहन सिंह लुधियाना, मनप्रीत सिंह व जगरूप सिंह पटियाला, आवेश, असजद, अख्तर व मुन्नवर निवासी शामली, विक्की निवासी ताजेवाला शामिल रहे। नायब तहसीलदार फरीद मोहम्मद व थाना प्रभारी पुरुवाला ने बताया कि पांच घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App