बाहरी राज्य से क्यों थोपा राज्यसभा प्रत्याशी

By: Mar 1st, 2024 12:45 am

सदस्यता रद्द होने पर देवेंद्र कुमार भुट्टो बोले, कुटलैहड़ की जनता की अनदेखी नहीं हुई बर्दाश्त, फैसले को कोर्ट में देंगे चुनौती  
कार्यालय संवाददाता-बंगाणा
हिमाचल प्रदेश से राज्य सभा सदस्य के चुनाव में प्रदेश की जनता के हितों की पैरवी करते हुए अपना मतदान किया है। हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार कर राज्यसभा सीट पर बाहरी राज्य से कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी देकर हिमाचल के वरिष्ठ नेताओं का जो अपमान किया गया था, उन वरिष्ठ नेताओं के मान सम्मान पर अपना मतदान किया हैं। अगर हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष द्वारा उनकी विधायकी सदस्यता रद्द की है, तो हम उसे माननीय हाई कोर्ट में चुनौती देंगे। कुटलैहड़ क्षेत्र से विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने अपनी सदस्यता रद्द करने पर सुक्खू सरकार तानाशाही करार दिया। उन्होंने कहा कि हमने 14 माह पूर्व कुटलैहड़ क्षेत्र से चुनाव लडक़र जीत दर्ज की थी। जो कांग्रेस पार्टी का घोषणा पत्र था, हमने चुनावो में हर मंच पर जनता को पढक़र सुनाया।

लेकिन राज्य में सुक्खू सरकार बनने के बाद 14 माह में न तो घोषणा पत्र के माध्यम से कोई घोषणा पूर्ण हुई। न ही 14 माह के कार्यकाल में क्षेत्र की जनता को कोई बड़ी योजना से नवाजा गया। भुट्टो ने कहा कि हर विस क्षेत्र की जनता को अपने विधायक पर एक विश्वास होता है। हमने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष क्षेत्र की जनता की समस्याओं को पुख्ता तौर पर रखा। लेकिन केवल सीएम की तरफ से आश्वासन के अलावा कुछ भी नहीं मिला। भुट्टो ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय खोले गए सरकारी कार्यालयों को बंद किया गया था। हमने जनता के साथ चर्चा करके और कुटलैहड़ की जनता के इंट्रेस्ट पर दोबारा उन कार्यालय को खोलने की कई बार सीएम के पास प्रस्ताव भी रखा। लेकिन 14 माह के कार्यकाल में कुटलैहड़ की जनता के लिए कोई कार्य सीएम की तरफ से नहीं किया गया। क्षेत्र उपेक्षित रहा।

जनता के साथ बैठक करके तय होगी अगली रणनीति
देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा है कि आगे क्या रणनीति होगी। क्या ठोस कदम उठाया जाए। यह भी कुटलैहड़ की जनता ही तय करेंगी। बहुत जल्दी कुटलैहड़ विस क्षेत्र की जनता के साथ बैठक करके अगली रणनीति तय करेंगे। भुट्टो ने कहा कि हमारा एक-एक कदम और एक-एक सांस पर कुटलैहड़ विस क्षेत्र की जनता का नाम लिखा जा चुका है। जो कुटलैहड़ की समस्त जनता का फैसला होगा। हमारे लिए वही सर्वमान्य होगा।

कुटलैहड़ की जनता के लिए रहेंगे हर समय उपलब्ध
देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ की समस्त जनता उनका परिवार है। पहले भी हमने राजनीति से हटकर कुटलैहड़ की जनता की सेवा के लिए अपना समय दिया है। अब भी पहले की तरह ही कुटलैहड़ की समस्त जनता की सेवा के लिए हर समय खड़ा रहूंगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App