केंद्र में तीसरी बार बनाएंगे सरकार, सैनी बोले, 10 सीटों पर कमल खिलाकर PM की झोली में डालेंगे

By: Mar 15th, 2024 12:06 am

सीएम नायब सिंह सैनी बोले, हरियाणा की 10 सीटों पर कमल खिलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झोली में डालेंगे

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

हरियाणा के नवनियुक्त मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर गरीब परिवारों तक लाभ पहुंचाने का काम किया है। लोकसभा चुनाव में तीसरी बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी, ऐसा देश की जनता फैसला ले चुकी है। हरियाणा की जनता भी लोकसभा चुनाव में सभी 10 सीटों पर कमल खिलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झोली में डालने का काम करेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में उनके आवास पर मुलाकात के बाद हरियाणा भवन में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद मिला है, कई विषयों पर चर्चा हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि सभी को साथ लेकर देश को आगे बढ़ाया जाए। उनके नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने पिछले दस वर्षों में जो काम किए है, उनसे देश और प्रदेश में नया भारत-नया हरियाणाए विकसित भारत-विकसित हरियाणा आज लोगों को नजर आ रहा है। हरियाणा में मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में बहुत विकास हुआ है और गुड गर्वेनेंस का उदाहरण रहा है।

हम उन कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस मामले में चर्चा हुई है। जल्द इस विषय को आगे बढ़ाया जाएगा। पूर्व गृह मंत्री अनिल विज के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि विज साहब हमारे वरिष्ठ नेता हैं और उनका आशीर्वाद हमारे साथ है। कल भी विधानसभा में हम साथ थे। एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लोकसभा की छह सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है और बाकी चार की भी जल्द ही घोषणा हो जाएगी। इसके साथ उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में जनता सभी 10 सीटों पर कमल खिलाने का मन बना चुकी है। नायब सैनी ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस के कुशासन को भूली नहीं हैए तब एक गैस सिलेंडर के लिए तीन दिन तक लाइन में लगना पड़ता था और हर मामले में भ्रष्टाचार चरम पर था। जननायक जनता पार्टी से गठबंधन टूटने के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बारे में जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उच्च स्तर पर निर्णय लिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App