जरूरतमंद महिलाओं को सालाना देंगे एक लाख, खडग़े-राहुल गांधी ने किया इस योजना का ऐलान

By: Mar 14th, 2024 12:08 am

मल्लिकार्जुन खडग़े-राहुल गांधी ने किया कांग्रेस की नारी न्याय गारंटी योजना का ऐलान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

लोकसभा चुनाव से पहले बुधवार को कांग्रेस ने नारी न्याय गारंटी योजना का वादा किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने सोशल मीडिया पर इसका ऐलान किया, तो राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के दोंडाई में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान इसका जिक्र किया। इस योजना के तहत कांग्रेस ने गरीब महिलाओं को हर साल एक लाख रुपए की मदद का वादा किया है। साथ ही कहा कि सरकारी नियुक्तियों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। नारी न्याय गारंटी योजना वास्तव में कुल पांच योजनाओं का समूह है, जिनमें महालक्ष्मी गारंटी, आधी आबादी-पूरा हक, शक्ति का सम्मान, अधिकार मैत्री और सावित्री बाई फुले हॉस्टल स्कीम शामिल है। महालक्ष्मी गारंटी के तहत सभी गरीब परिवारों की एक महिला को सालाना एक लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। इसके बाद आधी आबादी-पूरा हक के तहत केंद्र सरकार की नई नियुक्तियों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। उधर, शक्ति का सम्मान योजना के तहत आंगनबाड़ी, आशा और मिड-डे मील वर्कर्स के मासिक वेतन में केंद्र सरकार का योगदान दोगुना किया जाएगा।

इसी के साथ अधिकार मैत्री के तहत हर पंचायत में महिलाओं को उनके हक के लिए जागरूक करने और जरूरी मदद के लिए अधिकार मैत्री के रूप में एक पैरा-लीगल यानी कानूनी सहायक की नियुक्ति की जाएगी। अंत में सावित्री बाई फुले हॉस्टल स्कीम के तहत सभी जिला मुख्यालयों में कामकाजी महिलाओं के लिए कम से कम एक होस्टल बनाया जाएगा और पूरे देश में इन होस्टल्स की संख्या दोगुनी की जाएगी। खडग़े ने कहा कि इसके पहले हमने भागीदारी न्याय, किसान न्याय और युवा न्याय घोषित किए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कहने की जरूरत नहीं कि हमारी गारंटी खोखले वादे और जुमले नहीं होते। हमारा कहा पत्थर की लकीर होता है। यही हमारा 1926 से अब तक का रिकार्ड है। जब हमारे विरोधियों का जन्म हो रहा था, तब से हम मैनिफेस्टो बना रहे हैं और उन घोषणाओं को पूरा कर रहे हैं। उधर, राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस आपको पांच ऐसी गारंटियां दे रही है, जिनसे देश में महिलाओं का जीवन हमेशा के लिए बदल जाएगा। कांग्रेस का लक्ष्य देश की आधी आबादी को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और बराबरी का प्रतिनिधित्व देना है। ये पांच ऐतिहासिक कदम महिलाओं के लिए ‘समृद्धि का द्वार’ खोलने जा रहे हैं। बता दें कि इसके पहले कांग्रेस ने भागीदारी न्याय, किसान न्याय और युवा न्याय के तहत कई बड़ी घोषणाएं की हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App