अब इस दिन शिमला आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

By: Apr 18th, 2024 10:52 pm

महामहिम के दौरे में बदलाव, पहले 30 अप्रैल का था शेड्यूल

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शिमला दौरे में बदलाव हुआ है। राष्ट्रपति भवन दिल्ली से भेजी गई सूचना के अनुसार अब वह 30 अप्रैल को नहीं, बल्कि छह मई को शिमला आएंगी। राज्य सरकार अब बदले हुए शेड्यूल के मुताबिक तैयारी में लग गई है। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति निवास द रिट्रीट मशोबरा में चल रहे रिपेयर वर्क के कारण दौरा आगे खिसकाना पड़ा है। पिछले साल की तरह इस साल भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गर्मियों में शिमला आ रही हैं। राष्ट्रपति भवन से पहले आए टेंटेटिव शेड्यूल के मुताबिक वह 30 अप्रैल से पांच मइ तक शिमला आ रही थीं। इसके बाद राष्ट्रपति के डिप्टी सेक्रेटरी मिलिट्री शिमला में अधिकारियों के साथ बैठक करके भी गए थे। अब दिल्ली से सूचना आई है कि यह दौरा थोड़ा आगे किया जा रहा है। इसीलिए तैयारी को लेकर मुख्य सचिव के स्तर पर होने वाली बैठक भी आगे खिसक गई है।

इसी दौरे के दौरान राष्ट्रपति एक दिन शिमला से धर्मशाला जाएंगी और केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी, जबकि वानिकी विश्वविद्यालय सोलन के दीक्षांत समारोह में जाने का कार्यक्रम कैंसिल हो गया था। इस दौरान राष्ट्रपति छराबड़ा स्थित अपने सरकारी निवास दि रिट्रीट में रुकेंगी और शिमला के प्रबुद्ध लोगों से भी मुलाकात करेंगी। पिछले साल भी राष्ट्रपति चार दिन के आधिकारिक दौरे पर शिमला आई थीं। तब यह दौरा 18 से 21 अप्रैल तक था। द्रौपदी मुर्मू का यह पहला शिमला दौरा था। पहली बार शिमला आने पर राजभवन में उनके लिए सिविक रिसेप्शन भी हुई थी। राष्ट्रपति निवास छराबड़ा में 20 अप्रैल को एट होम का आयोजन हुआ था और 21 अप्रैल को राष्ट्रपति दिल्ली लौट गई थीं। एट होम का आयोजन इस बार भी किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App