विशेष

मंडी लोकसभा : राजपूत और ब्राह्मण नेताओं का रहा दबदबा

By: Apr 19th, 2024 9:43 pm

कांग्रेस ने 13, भाजपा ने पांच बार जीता जनता का दिल

मोहर सिंह पुजारी-कुल्लू
मंडी लोकसभा सीट पर 19 बार चुनाव हुए हैं। इसमें से उपचुनाव भी हुए हैं, जिनमें कांग्रेस को जीत मिली है। प्रतिभा सिंह ने उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी को आगे बढऩे नहीं दिया। हालांकि 2019 के आम लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी को भारी मतों से हराया था, लेकिन सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के बाद हुए 2021 में हुए उपचुनाव में भाजपा की कोई लहर मंडी संसदीय सीट पर नहीं दिखी और कांग्रेस प्रत्याशी ने भाजपा के प्रत्याशी को हरा दिया।

वहीं, दूसरी तरफ लोकसभा उपचुनाव में राजपरिवार की सदस्या ही सांसद बनीं। बता दें कि 19 बार हुए चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस ने 13 बार चुनावों में जीत हासिल की है। जबकि भाजपा को सिर्फ पांच बार जीत नसीब हुई है। एक बार जनता पार्टी के उम्मीदवार विजयी हुए हैं। इस सीट पर वीरभद्र सिंह परिवार को छह बार जीत मिली है। तीन बार वीरभद्र सिंह खुद सांसद चुने गए और तीन बार उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह को जीत मिली है। एचडीएम

1971 में सांसद बने थे वीरभद्र सिंह
बता दें कि 1971 में वीरभद्र सिंह सांसद बने थे। 1980 में फिर से वीरभद्र सिंह ने इस सीट पर वीरभद्र सिंह ने जीत दर्ज की। 2004 में कांग्रेस ने प्रतिभा सिंह को चुनाव में उतारा और प्रतिभा सिंह सांसद चुनी गईं। साल 2009 आम लोकसभा चुनाव में वीरभद्र सिंह सांसद चुने गए। वहीं, 2013 में इस सीट पर उपचुनाव हुए और प्रतिभा सिंह सांसद बनीं। जबकि 2021 में भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के बाद यह सीट खाली हुई और यहां पर लोकसभा उपचुनाव हुआ है। यहां पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने जीत दर्ज की और सांसद बनी। मंडी लोकसभा सीट पर राजपूत और ब्राह्मण नेताओं का दबदबा रहा है। 1952 के आम लोकसभा चुनाव में अनुसूचित जाति उम्मीदवार के तौर पर गोपी राम ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद हर बार राजपूत या ब्राह्मण सांसद चुने गए हैं। मंडी लोकसभा क्षेत्र में 33.6 फीसदी राजपूत आबादी है। जबकि 21.4 फीसदी ब्राह्मण आबादी है। मंडी में अनुसूचित जाति की आबादी 29.85 फीसदी है, जो ब्राह्मणों से अधिक है।

कांग्रेस का ही रहा कब्जा

2013 के उपचुनाव में मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने प्रतिभा सिंह को मैदान में उतारा और भाजपा ने जय राम ठाकुर को चुनावी रण में उतारा। इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को 353492 मत पड़े और जीत दर्ज की। जबकि भाजपा के प्रत्याशी जय राम ठाकुर को 216765 मत पड़े और 136227 मतों से जयराम ठाकुर को हार खानी पड़ी। इस लोकसभा उपचुनाव में चार प्रत्याशी चुनावी जंग में थे। जबकि 2021 के उपचुनाव में प्रतिभा सिंह को कांग्रेस से टिकट मिला था और उन्होंने 365650 वोट हासिल किए थे। जबकि भाजपा के प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को 356884 मत पड़े थे। यहां पर भाजपा प्रत्याशी 8766 मतों से हारे थे। इस लोकसभा सीट में 17 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। ऐसे में मंडी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस को ही मतों की लीड मिली और यहां से कांग्रेस का ही कब्जा रहा। उपचुनाव के इतिहास को भाजपा यहां बदलने में सफल नहीं हुई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App