पूर्व मंत्री को व्यापार मंडल मनाली ने बताईं मुश्किलें

By: Apr 28th, 2024 12:55 am

शहर की समस्याओं से करवाया रू-ब-रू, नशे पर लगाम लगाने और सफाई व्यवस्था बनाने की अपील
निजी संवाददाता-मनाली
व्यापार मंडल मनाली के अध्यक्ष संजीव ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के साथ मुलाकात की और उन्हें मनाली शहर की कुछ समस्याओं से अवगत करवाया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव ठाकुर ने पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर से मनाली में बढ़ रहे नशे का व्यवसाय करने वाले लोगों पर नकेल कसने और शहर को साफ व सुंदर रखने सहित अन्य समस्याओं पर मदद करने का आवाहन किया है। गोविंद ठाकुर ने कहा कि व्यापार मंडल ने मनाली के हित और कल्याण से संबंधित जो सुझाव उनके समक्ष रखे हैं वह सराहनीय है। निश्चित तौर से उनके सुझावों को वह प्रशासन और सरकार के समक्ष उठाएंगे। पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि ऐसी संस्थाएं गैर राजनीतिक संस्थाएं होती है।

इनमें हर विचारधारा के लोग जुड़े हुए होते हैं। जब सभी लोग मिलकर अपने शहर के हित के लिए कार्य करते हैं तो यह एक सराहनीय कदम होता है। व्यापार मंडल मनाली के अध्यक्ष संजीव ठाकुर ने भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर का आभार व्यक्त किया और कहा कि वह मनाली में बढ़ रहे नशे को रोकने के लिए प्रशासन और सरकार को हरसंभव सहयोग करेंगे। इस अवसर पर नगर परिषद मनाली के उपाध्यक्ष मनोज लार्जे, होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर, व्यापार मंडल मनाली के अध्यक्ष संजीव ठाकुर और उनके समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App