उपचुनाव : लाहुल स्पीति में दिलचस्प होगा मुकाबला

By: Apr 2nd, 2024 10:30 pm

पूर्व विधायक के लिए भाजपा कैडर का समर्थन जुटाना बड़ी चुनौती

कार्यालय संवाददाता — कुल्लू

लाहुल-स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने कांग्रेस से किनारा कर भाजपा का दामन थाम लिया है। माना जा रहा है कि इससे उनके 10 हजार के करीब समर्थकों का विश्वास टूटा है। कांग्रेस पार्टी को छोडक़र उन्होंने अपने समर्थकों को नाराज किया है। अब नए परिवार में समन्वय बिठाना उनके लिए बड़ी चुनौती होगी। इसके अलावा पुराने भाजपा नेताओं की नाराजगी के कारण रवि ठाकुर को भाजपा कैडर के कितने वोट मिलते हैं, यह देखना भी दिलचस्प होगा। यही नहीं, भाजपा ने लाहुल-स्पीति के पूर्व मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय का टिकट काटा है। इससे खफा होकर उन्होंने इस्तीफा दे दिया है, लेकिन मार्कंडेय फिर भी चुनावी रण में कूद पड़े हैं। अब बिना पार्टी टिकट मार्कंडेय को भी चुनावी रण के लिए कड़ी कसरत करनी होगी।

लिहाजा अब दोनों नेताओं के लिए उपचुनाव का दंगल बड़ा कठिन होगा। दूसरी तरफ कांग्रेस ने अभी तक अपना प्रत्याशी नहीं घोषित किया है। लाहुल-स्पीति जिला में 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डा. रामलाल मार्कंडेय को कम वोट मिले थे और कांग्रेस प्रत्याशी रवि ठाकुर को जनता ने विधायक बनाया था, लेकिन राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करना विधायक रवि ठाकुर के लिए भारी पड़ा और उनकी विधानसभा से सदस्यता रद्द हो गई। इसके बाद रवि ठाकुर बीजेपी में शामिल हुए और लाहुल-स्पीति के राजनीति में खलबली मच गई है।

2022 में किसे-कितने वोट मिले

2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्र्रेस प्रत्याशी रवि ठाकुर ने 9948 वोट लिए थे और वह 1616 मतों से जीते थे। उनके समर्थन में मतदान प्रतिशतता 52.91 प्रतिशत रही थी। अब नए बसेरे में इन्हें कितना समर्थन मिलेगा, यह देखने वाली बात होगी। पूर्व मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय को 2022 के विधानसभा चुनाव में कुल 8332 मत पड़े थे और इनके हक में 44.32 प्रतिशत मतदान हुआ था। अब डा. मार्कंडेय के समर्थकों ने रवि ठाकुर का कड़ा विरोध किया है। 2022 के विधानसभा चुनाव में लाहुल-स्पीति जिला में पंजीकृत कुल मतदाता 25496 मतदाता थे। इनमें से 18801 ने अपने मतदाधिकार का प्रयोग किया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App