HP News: दम है, तो आमने-सामने बहस करें

By: Apr 30th, 2024 12:08 am

विक्रमादित्य सिंह की भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत को चुनौती

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी

मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत को चुनौती दी है कि वह मंडी के सेरी मंच पर उनके साथ ओपन डिबेट करें और बताएं कि वह हिमाचल के लिए क्या करना चाहती हैं। उनका मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए क्या विजन है? मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस खुली बहस में वह भी अपना पक्ष रखेंगे कि उनका विजन मंडी संसदीय क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश के प्रति क्या है। फिर जनता तय करेगी कि कैसा नेता मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए चाहिए। उन्होंने कहा कि कंगना जिस तरह की भाषा का प्रयोग उनके खिलाफ कर रही हैं, उसके लिए वह उन्हें शुभकामानाएं ही दे सकते हैं। कंगना की भाषा शैली में हिमाचलियत नहीं है। उनकी शब्दावली मुबई की टपोरी भाषा जैसी है।

वह इस तरह से प्रचार कर रही हैं, जैसे फि ल्म की शूटिंग कर रही हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कंगना ने हिंदुत्व का झंडा उठाया है, मगर उनके द्वारा दिए गए बयान और खानपान सनातन विरोधी है। इससे सारा देव समाज आहत है। इसको लेकर आरएसएस को भी अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। क्या सनातन को आहत करने वाले बयान के बाद संघ भाजपा प्रत्याशी का समर्थन जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि कंगना कांग्रेस पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगाती हैं। वह जरा इतिहास पढ़ लें, कांग्रेस सनातन विरोधी नहीं है। हिमाचल प्रदेश पहला ऐसा राज्य जहां पर धर्म परिवर्तन को रोकने का कानून पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सरकार ने लागू किया था, जिसकी सराहना आरएसएस जैसे संगठन ने भी की थी।

मंडी की बेटी, तो चुनावों में ही क्यों आई याद

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आजकल कंगना जिस भी क्षेत्र में जाती हैं, वहां की ड्रेस पहन लेती हैं। मानों फि ल्म की शूटिंग हो रही हो। उन्होंने कहा कि दिखावे से लोगों के दिल नहीं जीते जा सकते। उन्होंने कहा कि वह मंडी की बेटी है, तो केवल चुनावों के समय ही यह याद क्यों आई। वह बताएं कि क्या आपदा के समय उन्होंने मनाली और भांबला में लोगों की किसी प्रकार की मदद की है।

कंगना रणौत ने किया शहीदों का अपमान

विक्रमादित्य ने कहा कि कंगना का कहना है कि असली आजादी तो 2014 के बाद आई है। इस तरह तो वह शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू समेत अनेक शहीदों का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि कंगना इतिहास की टयूशन लें। वह केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुश करने के लिए बयानबाजी कर रही हैं।

भाजपा के शासनकाल में जनता बेहाल

रामपुर बुशहर — देश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है। भाजपा के शासनकाल में राशन, पेट्रोल, डीज़ल के भाव आसमान छू रहे हैं, लेकिन भाजपा को शायद इसकी कोई खबर नहीं है। यह बात कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कही। प्रतिभा सिंह रामपुर के ननखड़ी में कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के लिए समर्थन जुटाने पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनावों के दौरान भाजपा ने जो वादे किए थे, वे आज तक पूरे नहीं हुए। अब तो लोग भी कहने लगे हैं कि जिस व्यक्ति ने लोगों की तकलीफों को नहीं सुना, क्या उस व्यक्ति को फिर से सत्ता सौंपनी चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App