सीएम सुक्खू ने टटोली सियासी नब्ज

By: Apr 10th, 2024 12:16 am

हमीरपुर में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-हमीरपुर
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव को लेकर फील्ड में डट गए हैं। अपने गृह जिला हमीरपुर पर उनका खास फोकस नजर आ रहा है। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने हमीरपुर में सियासी नब्ज टटोली। कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री ने चुनाव का फीडबैक लिया। उपचुनाव लडऩे के चाहवान नेताओं से भी वह एक-एक करेक मिले। पूर्व जिला परिषद चेयरमैन राकेश ठाकुर ने पक्का भरो में दलबल के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इससे पहले झनियारी में मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत हुआ। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने भोरंज से विधायक सुरेश कुमार, पूर्व विधायक अनीता वर्मा, हमीरपुर से उम्मीदवार रहे पुष्पेंद्र वर्मा, चेयरमैन रामचंद्र पठानिया, वरिष्ठ नेता प्रेम कौशल, रोहित शर्मा, नरेश ठाकुर, एपीएमसी चेयरमैन अजय शर्मा सहित अनेक पदाधिकारियों से चुनावों को लेकर टोह ली।

बड़सर व सुजानपुर उपचुनाव व लोकसभा चुनाव के माहौल बारे में भी मुख्यमंत्री ने जाना। दावेदारों ने अपनी बात मजबूती से मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। वहीं मुख्यमंत्री ने सभी को एकजुट होकर चुनाव लडऩे व पार्टी उम्मीदवार के लिए काम करने का मूलमंत्र दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि फीडबैक के आधार पर जिताऊ उम्मीदवारों को मैदान में उतारा जाएगा। अभी 50 दिन चुनावों को हैं। पार्टी अपनी रणनीति के हिसाब से निश्चित समय पर उम्मीदवार घोषित करेगी। टिकट आबंटन पार्टी का आंतरिक मामला है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को तो सिर्फ बयानबाजी करनी है। प्रदेश का कर्मचारी वर्ग यह नहीं भूला है कि ओपीएस मांगने पर जयराम ठाकुर ने कर्मचारियों को नौकरी छोडक़र चुनाव लडऩे की बात कही थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App