कुटलैहड़ से कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा ने दिखाई ताकत

By: Apr 29th, 2024 12:17 am

कोटला कलां से लेकर लठियाणी तक निकाला रोड़ शो

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा ने चुनाव प्रचार का शंखनाद कर दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा ने रविवार को कोटला कलां से लेकर लठियाणी तक रोड़ शो निकाल शक्ति प्रदर्शन किया। रोड़ शो के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा का जगह-जगह लोगों ने भव्य स्वागत किया। रोड शो में कांग्रेस के फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया, चंबा के विधायक नीरज नैय्यर व पूर्व विधायक सतपाल रायजादा भी मौजूद रहे। विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ की जनता ने जिन्हें सिर आंखों पर बिठाकर विधायक बनाया, उन्होंने जनता के साथ खिलवाड़ किया। कुछ लोग कांग्रेस पार्टी को छोड़ दूसरी पार्टी में चले गए। जिसके चलते 5 साल बाद होने वाले चुनाव आज डेढ़ साल बाद ही हो रहे है।

उन्होंने कुटलैहड़ के साथ-साथ देवभूमि को शर्मसार किया है। अब वह मानहानि का दावा कर रहे है। उन्होंने कहा कि किस बात का मान और कैसी हानि। कुटलैहड़ की जनता ने जिन्हें वोट देकर विधानसभा भेजा, उन्हें आज गुमान हो गया है। विवेक शर्मा ने कहा कि पहली बार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री मिले है। इसके बावजूद कुछ लेकर पैसा लेकर बिक गए। यह प्रदेश की संस्कृति नहीं थी। विक्कू ने कहा कि प्रदेश में आपदा से भारी नुकसान हुआ। इसके बाद भी कांग्रेस सरकार ने विकास में कोई कमी नहीं आने दी।

भवानी पठानिया ने कार्यकार्ताओं में भरा जोश
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रभारी एवं विधायक भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि कुटलैहड़ में कांग्रेस पूरी तरह से एकजुट है। उन्होंने कहा कि एकजुटता के साथ चुनाव लड़ा जाएगा और कांग्रेस प्रत्याशी को जीत दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा चारों लोकसभा सीटों सहित विधानसभा के उपचुनावों में भी कांग्रेस पार्टी जीतेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App