कांग्रेस खाती कमीशन, भाजपा से खतरे में लोकतंत्र

By: Apr 7th, 2024 12:08 am

सहारनपुर में पीएम ने विपक्षी दल पर साधा निशाना

एजेंसियां — सहारनपुर

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस, सपा और इंडिया गठबंधन पर तीखे हमले किए हैं। पीएम मोदी ने एक रैली के दौरान कांग्रेस के घोषणा पत्र पर ‘मुस्लिम लीग की छाप बताते हुए कहा कि आज की कांग्रेस 21वीं सदी में भारत को आगे नहीं बढ़ा सकती। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में वही सोच झलकती है, जो आजादी के वक्त मुस्लिम लीग की थी, जो बचा है उस पर वामपंथी हावी हैं। अपने हमले तेज करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह का घोषणा पत्र जारी किया है, उससे साबित हो गया है कि आज की कांग्रेस भारत की आकांक्षाओं से कट चुकी है। उन्होंने कहा कि आपने मेरा काम देखा है। मेरा हर पल देश के नाम है। आपका सपना मोदी का संकल्प है। हम जो भ्रष्टाचार पर प्रहार कर रहे हैं वह आपके बेहतर भविष्य के लिए है।

पीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार गरीब के सपनों को तोड़ते हैं, आपको लूटते हैं। पीएम ने कहा कि आपके बेटे-बेटियों को बचाने के लिए मैं कितनी गालियां खा रहा हूं। पीएम मोदी ने कहा कि गरीब कल्याण बीजेपी के लिए केवल चुनावी घोषणा नहीं बल्कि हमारा मिशन रहा है। कांग्रेस जो कई दशकों में नहीं कर पाई वह बीजेपी ने दो दशकों में कर दिखाया। कांग्रेज जितने साल सत्ता में रही उसमे कमीशन खाने को प्राथमिकता दी। इंडी अलाइंस केवल कमीशन के लिए है और एनडीए, मोदी सरकार मिशन के लिए है। पीएम मोदी ने सहारनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यूपी के दो लडक़ों की फ्लॉप फिल्म फिर रिलीज हो गई है। अरे काट की हांडी को इंडी गठबंधन वाले कितनी बार चढ़ाएंगे। यहां एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी के शक्ति के खिलाफ दिए गए भाषण पर सवाल खड़ा किया। मोदी ने कहा कि हम वे देश हंै, जो कभी भी शक्ति की उपासना को नकारते नहीं, लेकिन देश का दुर्भाग्य है कि इंडी एलाइंस के लोग इसे खुलेआम चुनौती दे रहे हैं।

उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है। क्या कोई शक्ति को खत्म कर सकता है? जिन लोगों ने शक्ति को नष्ट करने का प्रयास किया है, उनका क्या हश्र हुआ है, वह पुराणों और इतिहास के पन्नों में दर्ज है। पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के वे दिन याद कीजिए जब देश घोर निराशा और संकट के दौर से गुजर रहा था, तब मैंने आपको गारंटी दी थी कि देश झुकने नहीं दूंगा, देश को रुकने नहीं दूंगा। मैंने संकल्प लिया था कि आपके आशीर्वाद से हर सिटी को बदलूंगा। हर परस्थिति को बदलूंगा, निराशा को आशा में बदलूंगा, आशा को विश्वास में बदलूंगा। आपने अपने आशार्वीद में कमी नहीं रखी और मोदी ने अपनी मेहनत में कोई कमी नहीं छोड़ी। मोदी ने कहा कि दुनिया में भारत का डंका उनकी वजह से नहीं बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की वोट की ताकत से बज रहा है।

जयपुर में सोनिया बोलीं, देश चंद लोगों की जागीर नहीं

एजेंसियां — जयपुर

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पूरे देश में सियासी पारा हाई है। सभी पार्टियां चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। इस दौरान लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने शनिवार को जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडिम में रैली की। इस रैली में कांग्रेस पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोला। सोनिया गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह देश कुछ लोगों की जागीर नहीं है। देश से बड़ा कोई नहीं हो सकता है, लेकिन दुर्भाग्य से आज हमारे देश में ऐसे नेता सत्ता में विराजमान हैं, जो लोकतंत्र का चीरहरण कर रहे हैं। आज लोकतंत्र खतरे में हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं को बर्बाद किया जा रहा है। हमारे संविधान को बदलने की कोशिश की जा रही है। ये सब तानाशाही है और हम सब इसका जवाब देंगे। सोनिया गांधी ने कहा कि मोदी जी खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं को डराने, धमकाने और भाजपा में शामिल कराने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है। इसे बचाने के लिए हमसब एकजुट हुए हैं।

उन्होंने कहा कि आज रोज की कमाई से खाने-पीने का सामना इक_ा कर पाना मुश्किल है। रसोई गैस की बढ़ती कीमत हमारी माताओं-बहनों के सामने मुश्किल खड़ी कर रही है। सोनिया गांधी ने कहा कि हमारा देश पिछले 10 साल से एक ऐसी सरकार के हवाले है, जिसने बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट, असमानता और अत्याचार को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। मोदी सरकार ने जो-जो किया है वे आपके सामने है, इसलिए यह समय हताशा से भरा हुआ है, लेकिन हताशा के साथ ही उम्मीद का भी जन्म होता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App