कांग्रेस बताएगी रिपोर्ट कार्ड, भाजपा निकालेगी पदयात्रा

By: Apr 18th, 2024 12:06 am

झंडूता विधानसभा क्षेत्र में दोनों दलों ने लोकसभा चुनाव जीतने को शुरू की कदमताल

अनिल पटियाल-बिलासपुर

जिला बिलासपुर के अंतर्गत झंडूता विधानसभा क्षेत्र में इस बार लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा की लीड कम करना कांग्रेस के लिए कड़ी चुनौती होगा, जिसके लिए कांग्रेस तैयार होकर मैदान में उतर गई है। बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में झंडूता विधानसभा क्षेत्र से विधायक जेआर कटवाल की अगवाई में भाजपा को 18140 मतों की लीड मिली थी। इस बार झंडूता भाजपा मंडल ने 31 हजार लीड का लक्ष्य निर्धारित किया है। पिछले चुनावों की अपेक्षा इस बार भाजपा ने यहां पर करीब 30 फीसदी से अधिक लीड दिलाने का दावा किया है। हालांकि वर्तमान सरकार यानी कांग्रेस सत्ता में होने के चलते प्रदेश सरकार का करीब डेढ़ साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएगी। झंडूता कांग्रेस भी पिछले लोकसभा चुनाव के विशाल मार्जन को कम करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाएगी। झंडूता विधानसभा क्षेत्र में गत लोकसभा चुनाव की अपेक्षा इस बार राजनीतिक समीकरण भी बदले हैं। खासकर कांग्रेस में यह समीकरण ज्यादा हावी हुए हैं। पहले जहां कांग्रेस की ओर से झंडूता विधानसभा क्षेत्र में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व पूर्व विधायक डा. बीरू राम किशोर कर रहे थे।

वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस हाईकमान की ओर से क्षेत्र की कमान प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं युवा नेता विवेक कुमार को सौंप दी। इस चुनाव में कांग्रेस चेहरा बदलने के चलते कई तरह के समीकरण कांग्रेस में बदले। विधानसभा चुनाव में यहां पर हार-जीत का मार्जन भी 5799 रहा है, लेकिन इस लोकसभा चुनाव में झंडूता कांग्रेस के नेता विवेक कुमार को भी अपनी परफॉरमेंस दिखाने का सही मौका मिला है और झंडूता कांग्रेस प्रदेश कांग्रेस सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के सहारे जनता में है। उधर, झंडूता विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक जेआर कटवाल क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 2017 में विधानसभा की दहलीज लांगने वाले विधायक जेआर कटवाल ने 2022 में बेहतर परफॉरमेंस के आधार दूसरी दफा विधानसभा पहुंचे हैं। विधायक जेआर कटवाल केेंद्र सरकार की कल्याणकारी नीतियों को लेकर लगातार जनता के बीच में हैं। जेआर कटवाल की झंडूता विधानसभा क्षेत्र में विकसित भारत संकल्प यात्रा पूरी करने के बाद अब विकसित भारत संकल्प पदयात्रा चली हुई।

विकसित भारत संकल्प पदयात्रा खत्म होने के साथ यात्रा का तीसरा चरण भी मई माह में शुरू होगा। ऐसे में विधायक जेआर कटवाल ने क्षेत्र से इस बार 31 हजार की लीड भाजपा प्रत्याशी को दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बता दें कि लोकसभा चुनाव-2019 में भाजपा प्रत्याशी को झंडूता विधानसभा क्षेत्र में 35765 और कांग्रेस प्रत्याशी को 17625 मत पड़े थे। पिछले चुनाव में न केवल झंडूता विधानसभा क्षेत्र बल्कि जिला बिलासपुर के हर विधानसभा चुनाव क्षेत्र से भाजपा प्रत्याश्ी को लीड मिली थी। पिछले लोकसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा सरकार सत्ता में थी, लेकिन वर्तमान में प्रदेश में कांग्रेस सरकार सत्ता में है। बहरहाल, कांग्रेस को झंडूता क्षेत्र में भाजपा की लीड कम करने और कांग्रेस प्रत्याशी को लीड दिलाने के लिए फील्ड में कड़ी मशक्त करनी पड़ेगी। एचडीएम

31 हजार लीड का लक्ष्य

झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विधायक जेआर कटवाल ने कहा कि गत लोकसभा चुनाव में झंडूता विधानसभा क्षेत्र से 19140 मतों की लीड भाजपा प्रत्याशी को मिली है। इस बार झंडूता भाजपा मंडल की ओर से 31 हजार की लीड दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा, विकसित भारत संकल्प पद यात्रा के तहत लोगों को केंद्र की योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया है। जल्द ही तीसरे चरण की पदयात्रा भी झंडूता विधानसभा क्षेत्र में की जाएगी। झंडूता भाजपा मंडल अपने लक्ष्य को पूरा करेगी।

पांच गारंटियां पूरी

प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव एवं झंडूता कांग्रेस नेता विवेक कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया है। कांग्रेस प्रत्याशी को क्षेत्र से लीड दिलाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सक्रियता से कार्य करेंगे। प्रदेश सरकार ने आम जनता, युवा वर्ग, कर्मचारियों सहित अन्य वर्गों के लिए योजनाएं चलाई। छोटे से कार्यकाल में प्रदेश सरकार ने पांच गारंटियों को पूरा किया है। कांग्रेस ने महिलाओं को 15 सौ रुपए देने के अपने वादे को पूरा किया है, लेकिन भाजपा नेताओं ने इसका विरोध किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App