सनातन धर्म में बीफ खाना पाप भाजपा को देना पड़ेगा जवाब

By: Apr 10th, 2024 12:08 am

सीएम सुक्खू का मंडी से भाजपा उम्मीदवार कंगना पर निशाना

बंबर ठाकुर ने मंदिरों की पवित्रता भंग करने का लगाया आरोप

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — हमीरपुर

बीफ खाने को लेकर अपने पुराने ट्वीट के चलते विपक्ष के निशाने पर आईं फिल्म अभिनेत्री एवं मंडी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कंगना रणौत को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी निशाने पर लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म में बीफ खाना पाप है। इसकी हमारे धर्म में इजाजत नहीं है। अगर किसी ने बीफ खाने की बात कही है, तो वही उसके बारे में बता सकता है। भारतीय जनता पार्टी को चुनाव में इसका जवाब देना पड़ेगा। मुख्यमंत्री सुक्खू से पहले पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह और बिलासपुर से कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर भी कंगना को निशाने पर ले चुके हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा था कि भाजपा द्वारा गोमांस खाने वाले को प्रत्याशी बनाना चिंता की बात है।

हिमाचल देवभूमि है। गोमांस खाना यहां की संस्कृति के लिए चिंता का विषय है। वहीं बंबर ठाकुर ने कहा कि कंगना कहती हैं कि गाय का मीट टेस्टी होता है। जो गाय का मांस खाती हैं, उन्हें मंदिरों में ले जाकर भाजपा ने सारे मंदिर अपवित्र कर दिए। उन्होंने पूछा कि भाजपा की पवित्रता भंग हुई है या भगवा पार्टी अब भी पवित्र है। उन्होंने कहा कि इनके मुंह में राम-राम, बगल में छुरी है। गौैरतलब है कि बीफ खाने के आरोपों को कंगना ने नकार दिया था। कंगना ने कहा था कि उन्होंने कभी भी न बीफ और न ही रेड मीट खाया। उन्हें बदनाम करने के लिए अफवाह फैलाई जा रही है। यह शर्मनाक है। मैं दशकों से योग और आयुर्वेदिक जीवन शैली की वकालत और प्रचार प्रसार कर रही हूं। इस तरह की बातें मेरी छवि नहीं बिगाड़ सकतीं। मेरे लोग जानते हैं कि मैं एक गर्वित हिंदू है। मैं कभी भी ऐसा नहीं कर सकती।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App