किसान आंदोलन ने रोके ट्रेन के पहिए, दो हफ्ते से प्रभावित हो रही आधा दर्जन रेल गाडिय़ां

By: Apr 30th, 2024 12:12 am

नगर संवाददाता-ऊना
शंभू बैरियर पर हो रहे किसान आंदोलन ने ट्रेनस के पहिये जाम कर रख दिए है। पिछले दो सप्ताह से ऊना से चलने वाली आधा दर्जन रेल सेवाएं लगातार प्रभावित चल रही है। रेलवे द्वारा जारी नई अधिसूचना के अनुसार अंबाला कैंट-अंब अंदौरा व अंबाला कैंट-दौलतपुर चौक एक्सप्रेस रेल सेवाओं को पहली मई तक रदद कर दिया गया है। जबकि दिल्ली जंक्शन-दौलतपुर चौक रेल सेवा को डायवर्ट कर चलाया जा रहा है। उक्त रेल सेवा दिल्ली से मोरिंडा, चंडीगढ़ व अंबाला होते हुए ऊना पहुंचेगी। इसके अलावा ऊना-हरिद्वार रेल सेवा को शार्ट टर्मिनेट करते हुए अंबाला कैंट तक ही चलाने का निर्णय लिया गया है।

पिछले दो सप्ताह से लगातार रेल सेवाएं प्रभावित होने से यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भारी संख्या में ऊना व अन्य स्थानों के लोग रेल के माध्यम से सफर करते है। किसान आंदोलन के चलते रदद हुई रेल सेवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। लोगों को मजबूरन बस या अन्य साधनों से सफर करना पड़ रहा है। रेल सेवाएं रदद होने के बाबत रेलवे ने अधिसूचना जारी कर दी है। रेल यात्रियों ने केंद्र सरकार से इस मसले का जल्द समाधान करने की गुहार लगाई है। रेल यात्रियों शाम कुमार, धीरज कुमार, पवन कुमार, अश्वनी कुमार, राहुल शर्मा आदि ने कहा कि किसान आंदोलन के चलते रेल सेवाएं प्रभावित हो गई है। यात्रियों को रेल सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। लगातार रेल सेवाएं बंद होने से यात्रियों को मायूस होकर अन्य साधनों से गंतव्यों की और रुख करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को अब किसानों के साथ वार्ता कर इस समस्या का समाधान निकालना चाहिए, ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार रेल सख्ंया 4593 अंबाला कैंट-अंब अंदौरा, ट्रेन संख्या 4594 अंब अंदौरा-अंबाला कैंट, रेल संख्या 6997 अंबाला कैंट-दौलतपुर चौक एक्सप्रेस, रेल संख्या 6998 दौलतपुर चौक-अंबाला कैंट को पहली मई तक रदद कर दिया गया है। अब इन रेल सेवाओं के लिए यात्रियों को इंतजार करना पड़ेगा।

इसके अलावा रेल संख्या 14053 दिल्ली जंक्शन-दौलतपुर चौक को अंबाला, चंडीगढ़ व मोरिंडा होकर चलाया जाएगा। दौलतपुर चौक से दिल्ली जाते समय रेल संख्या 14054 मोरिंडा, चंडीगढ़ होकर दिल्ली के लिए चलेगी। इसके अलावा रेलवे ने ऊना-हरिद्वार रेल सेवा को पहली मई तक अंबाला तक चलाने का निर्णय लिया है। रेल संख्या 4501 हरिद्वार से अंबाला व 4502 अंबाला से हरिद्वार तक ही प्रस्थान करेगी। यात्रियों को नहीं मिल रहा पैंसेजर रेल सेवाओं का लाभ पैंसेजर ट्रेन रदद होने से यात्रियों को अपनी जेबें ढीली कर सफर करना पड़ रहा है। रेल के माध्यम से सुहाना सफर करने वाले यात्री रोजाना रेल सेवाएं शुरु होने की उम्मीद लगाए बैठते है, लेकिन लगातार रेल सेवाएं प्रभावित रहने से यात्रियों को मायूसी ही हाथ लगती है। पैंसेजर रेल सेवा में यात्रियों को कम किराये में सफर का लाभ मिल पाता है। पैंसेजर ट्रेन रदद होने से यात्रियों को जेबें ढीली करनी पड़ रही हैं।

किसान आंदोलन के चलते अंबाला कैंट-अंब अंदौरा व अंबाला कैंट-दौलतपुर चौक एक्सप्रेस रेल सेवाओं को पहली मई तक रदद किया गया है। दिल्ली जंक्शन-दौलतपुर चौक एक्सप्रेस रेल सेवा वाया अंबाला, चंडीगढ़ व मोरिंड़ा होकर चलेगी। ऊना-हरिद्वार रेल सेवा फिलहाल अंबाला तक चलाने का निर्णय लिया है।
रोहदाश सिंह, सुपरिडेंट ऊना रेलवे


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App