पूर्व सांसद महेश्वर सिंह के तेवर पड़े नरम

By: Apr 7th, 2024 12:06 am

लोकसभा का टिकट न मिलने से हुए थे खफा, दिल्ली से लौटने के बाद धूमधाम से मनाया भाजपा का स्थापना दिवस

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुल्लू

लोकसभा का टिकट न मिलने पर पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश्वर सिंह काफी खफा हुए थे और उन्होंने अपनी नाराजगी पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ भी जाहिर की थी। दिल्ली से लौटने के बाद पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश्वर सिंह के तेवर अब नरम पड़ चुके हैं। उन्होंने अपने घर पर भाजपा पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर भाजपा का स्थापना दिवस मनाया। इससे साफ है कि उनकी नाराजगी अब दूर हो गई है। यही नहीं उन्होंने अपने घर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि जब तक सांस है, वह पार्टी के लिए कार्य करेंगे और पार्टी को मजबूत भी करते रहेंगे। वहीं, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए कार्य करने की बात कही। महेश्वर सिंह ने कहा कि वह पार्टी के साथ जुड़े हैं और मजबूती से कार्य करेंगे। पार्टी ने जिस प्रत्याशी को चुनाव में उतारा है, उसे भी जीताकर भेजेंगे। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी उनके खफा होने की बात हाईकमान तक पहुंचाई थी और उन्होंने भी मीडिया के सामने कहा था कि पूर्व सांसद महेश्वर सिंह का पूरा मान सम्मान पार्टी में है और रहेगा।

यही नहीं जितने भी पार्टी से अगर किसी बात से नाराज चल रहे हंै तो उन सभी को भी मना लिया जाएगा। वहीं, महेश्वर सिंह का अपने घर सुलतानपुर में स्थापना दिवस मनाना भी यहां चर्चा का विषय बना हुआ है। पूर्व सांसद महेश्वर सिंह के समर्थक भी खुश है कि जो अफवाहें फैल रही थी कि वह कांग्रेस में जाएंगे। उस पर पूरी तरह से पूर्णविराम लग चुका है। बताया जा रहा है कि अब जल्द आने वाले दिनों में महेश्वर सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक कर सकते हंै। यही नहीं भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत भी महेश्वर सिंह से जल्द मुलाकात कर सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App