लाहुल के चार युवा भारतीय आइस हॉकी टीम में सिलेक्ट

By: Apr 10th, 2024 12:06 am

एशिया ओशिनिया चैंपिनशिप में हिस्सा लेने जल्द रवाना होंगे उज्बेकिस्तान

जिला संवाददाता-केलांग

लाहुल-स्पीति के चार युवक विदेशी जमीन पर आइस हॉकी में दमखम दिखाएंगे। स्पीति के ये खिलाड़ी देश के बाद अब विदेशों में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। इन चार युवकों का अंडर-18 आइस हॉकी में भारतीय टीम के लिए चयन हुआ है। इन खिलाडिय़ों का सिलेक्शन से पहले बाकायदा गुडग़ांव के अम्बियन्स मॉल में ट्रायल लिया गया, जहां पर बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर स्पीति के चार होनहार खिलाडिय़ों ने टीम इंडिया में अपनी जगह बना कर लाहुल स्पीति और प्रदेश का नाम रोशन किया है। एशिया ओशिनिया चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए ये खिलाड़ी जल्द उज्बेकिस्तान रवाना होंगे। जहां पर आइस हॉकी चैंपियनशिप प्रतियोगिता में भाग लेंगे। टीम इंडिया के लिए 31 खिलाडिय़ों का चयन किया गया था, जिसमें ट्रायल के बाद अब फाइनल 20 खिलाडिय़ों का चयन हुआ है। 20 खिलाडिय़ों के इस अंडर-.18 आइस हॉकी टीम में स्पीति घाटी के चार खिलाड़ी भी शामिल हैं। पहली बार स्पीति घाटी से एक साथ चार खिलाडिय़ों का राष्ट्रीय के लिए चयन हुआ है।

एडीसी काजा एवं चेयरमैन लाहुल-स्पीति आइस हॉकी संघ राहुल जैन ने कहा कि उज़्बेकिस्तान में आयोजित होने वाले अंडर-18 भारतीय टीम में स्पीति के चार युवकों का चयन हुआ है। एशियन ओशिनिया चैंपियनशिप 2024 का आयोजन उज्बेकिस्तान में 23 से लेकर 31 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। बताया कि स्पीति के तेंजिन टशी, कुंगा वांगपो, तेंजिन जांगपो और तेंजिन यिशे का चयन हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App