गंगूराम मुसाफिर का कांग्रेस में स्वागत

By: Apr 21st, 2024 12:06 am

पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने पलकों पर बिठाए

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

सिरमौर के पच्छाद से पूर्व विधायक रहे गंगूराम मुसाफिर फिर से कांग्रेस में लौट आए हैं। गंगूराम मुसाफिर कांग्रेस सरकार में मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के पद पर भी रह चुके हैं। गंगूराम मुसाफिर 1982 में पहली बार निर्दलीय विधायक बने थे। उसके बाद उन्होंने कांग्रेस की टिकट पर लगातार छह बार पच्छाद सीट से जीत हासिल की। वो 1982 के बाद 1985, 1990, 1993, 1998, 2003 और 2007 में लगातार विधानसभा पहुंचे हैं। इस दौरान वो विधानसभा अध्यक्ष से लेकर मंत्री तक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। पिछले करीब चार दशक से कांग्रेस के साथ रहे गंगूराम मुसाफिर 2022 में टिकट न मिलने पर कांग्रेस पार्टी से अलग हुए थे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से गंगुराम मुसाफिर का टिकट काट कर दयाल प्यारी को विधानसभा चुनाव में टिकट दिया था।

कांग्रेस से टिकट न मिलने पर गंगुराम मुसाफिर ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था, जिसके बाद कांग्रेस हाईकमान की ओर से गंगूराम मुसाफिर के कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लडऩे पर कार्रवाई करते हुए गंगूराम मुसाफिर को कांग्रेस पार्टी से निष्कासित कर दिया था। गंगुराम मुसाफिर ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले शनिवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया है। शनिवार को कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय में पहुंचने पर गंगूराम मुसाफिर का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। गंगूराम मुसाफिर के कांग्रेस में लौटने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App