विशेष

हमीरपुर लोकसभा : लगातार पिछले आठ चुनाव हारी कांग्रेस

By: Apr 12th, 2024 11:11 pm

कांग्रेस के लिए चुनौती बनी हमीरपुर संसदीय सीट

जितेंद्र कंवर — ऊना
हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनावों के लिए फील्ड सज चुकी है। भाजपा ने प्रदेश में चारों संसदीय क्षेत्रों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर उन्हेंं चुनावी समर में उतार दिया है, वहीं कांग्रेस ने हालांकि अधिकृत रूप से अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है, लेकिन पार्टी ने हमीरपुर, मंडी व शिमला संसदीय क्षेत्रों में अपने प्रत्याशियों का चयन लगभग कर लिया है, जबकि कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में भी आम राय बनाने की कोशिश जारी है। भाजपा व कांग्रेस पार्टी में दिग्गज नेताओं की मौजूदगी के चलते हमीरपुर संसदीय क्षेत्र प्रदेश की हॉट सीट बन चुका है तथा सबकी निगाहें इस पर टिकी हुई हैं। भाजपा के अनुराग ठाकुर लगातार पंाचवीं बार इस सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। लंबे अरसे से यह सीट कांग्रेस पार्टी के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। यहां पर कांग्रेस पार्टी को पिछले लगातार आठ चुनावों में हार का मुंह देखना पड़ा है। इस सीट पर कांग्रेस पार्टी हर बार नया प्रत्याशी मैदान में उतार कर भाजपा को घेरने का प्रयास करती है, लेकिन अभी तक कांग्रेस को सफलता नहीं मिल पाई है। पिछले पंाच लोकसभा चुनावों में कांग्रेस यहां से चार प्रत्याशियों पर अपना दांव खेल चुकी है।

दो बार तो कांग्रेस ने यहां से भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं को चुनावी रण में उतारा, लेकिन कामयाबी नही मिल सकी। 2007 के उपचुनावों में कांग्रेस पार्टी ने यहां से दो बार पहले चुनाव लड़ चुके रामलाल ठाकुर को चुनाव में उतारा था, लेकिन वह भाजपा के प्रत्याशी प्रेम कुमार धूमल से 80059 मतों से हार गए थे। वहीं, कांग्रेस ने 2008 में हुए उपचुनाव में अपना प्रत्याशी बदलते हुए ऊना से ओपी रतन पर दांव खेला, लेकिन पार्टी को कामयाबी हासिल नहीं हुई। ओपी रतन 174666 मतों के अंतर से पराजित हुए। 2009 के लोकसभा के आम चुनावों में कांग्रेस ने उस समय कांग्रेस में शामिल हुए भाजपा के दिग्गज नेता पूर्व मंत्री जगदेव ठाकुर के पुत्र नरेंद्र ठाकुर को अनुराग ठाकुर के विरुद्ध चुनाव मैदान में उतारा, लेकिन पूरे देश में यूपीए के पक्ष में माहौल होने के बावजूद अनुराग ठाकुर ने नरेंद्र ठाकुर को 72732 मतों से हरा दिया। इसके बाद 2014 के चुनावों में कांग्रेस ने एक बार फिर से अपना प्रत्याशी बदला। इस बार कांग्रेस पार्टी ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा छोड़ आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लडक़र रिकार्ड मतों से जीत दर्ज कर पहली बार विधायक बने राजेंद्र राणा को कांग्रेस टिकट थमा दिया, लेकिन चुनाव परिणाम फिर कांग्रेस के हक में नहीं गया। कांग्रेस को 2014 के चुनावों में 98403 मतों से हार का सामना करना पड़ा था। 2019 मेंं कांग्रेस पार्टी में एक बार फिर से प्रत्याशी चयन के लिए संकट आ खड़ा हुआ तथा पार्टी ने अपने पुराने सिपाही व वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर को चौथी बार इस सीट से लड़ा दिया, लेकिन देश भर में मोदी विरोधी लहर में रामलाल ठाकुर को संसदीय क्षेत्र में सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा। रामलाल ठाकुर यह चुनाव 399572 मतों से हार गए। अब एक बार फिर से कांग्रेस पार्टी ने नए प्रत्याशी पर दांव खेला है।

इस बार ऊना से होगा कांग्रेस का उम्मीदवार
इस बार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी ने जिला ऊना से अपना प्रत्याशी उतारा है। कांग्रेस ने ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक सतपाल रायजादा को चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। करीब 16 साल बाद कांग्रेस ने एक बार फिर से ऊना से प्रत्याशी खड़ा किया है।

रायजादा ने अब तक तीन विधानसभा चुनाव लड़े

सतपाल रायजादा इससे पहले तीन बार ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़ चुके है, जिसमें उन्हें एक बार जीत और दो बार हार का मुंह देखना पड़ा था। सतपाल राजयादा ने 2012 में ऊना विधानसभा क्षेत्र से पहली बार चुनाव लड़ा था। उस समय वह भाजपा के सतपाल सिंह सत्ती से 4746 मतों से चुनाव हार गए थे। भाजपा के सतपाल सिंह सत्ती को 26835 मत पड़े थे, जबकि कांग्रेस के सतपाल सिंह रायजादा को 22089 मत मिले थे। 2017 के विधानसभा चुनावों में रायजादा ने दूसरी बार विधानसभा चुनाव लड़ते हुए भाजपा के तत्कालीन प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती को 3196 मतों से हराकर सनसनी फैला दी थी। सतपाल राजयादा को 31360 मत तथा भाजपा के सतपाल सिंह सत्ती को 28164 मत मिले थे। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनावों में सतपाल राजयादा तीसरी बार चुनावी मैदान में उतरे, लेकिन उन्हें नजदीकी मुकाबले में 1736 मतों से हार गए। इस चुनाव में सतपाल सत्ती को 33974 मत प्राप्त हुए थे, जबकि कांग्रेस के सतपाल रायजादा को 32238 मत प्राप्त हुए थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App