श्रीमद्भागवत कथा से यमुना बचाने की पहल

By: Apr 20th, 2024 12:55 am

कलशयात्रा के साथ देईजी साहिबा मंदिर पांवटा साहिब में सातवीं भागवत कथा का आगाज
कार्यालय संवाददाता- पांवटा साहिब
स्वच्छ यमुना, हरित यमुना के लक्ष्य निमित हरि यमुना सहयोग समिति पांवटा साहिब में जीवन दायिनी यमुना नदी के संरक्षण, संवर्धन व जनजागरण की मुहिम शुरू की है। जिसके तहत शुक्रवार को कलश यात्रा और पालकी यात्रा निकाली गई। इस मुहिम के तहत समिति यमुनोत्री धाम से प्रयागराज से यमुनोत्री तक 108 श्रीमद्भागवत कथाओं का आयोजन करने जा रही है। इस दौरान आईआईएम सिरमौर के प्रोफेसर व यमुना समिति के सदस्य ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथाओं के लिए यमुना नदी के दोनों तत्त्वों पर 108 स्थान चिन्हित किए गए हैं। हरि यमुना सहयोग समिति इस अनूठे प्रयास से देश भर के नागरिकों में यमुना के संरक्षण एवं संवर्धन का अलख जगाएगी। जिसमें यमुना को स्वच्छ करने की प्रेरणा देना, इसमें गंदगी जाने से रोकना, यमुना के किनारों पर पौधा रोपण करना इसके मुख्य उद्देश्यों में शामिल हैं। हरि यमुना सहयोग समिति के सदस्यों ने जानकारी दी कि इस मुहिम के तहत आठ मार्च, 2024 को नारायणपुरी यमुनोत्री से प्रथम भागवत कथा का शुभारंभ हुआ है।

अब तक यमुना नदी के किनारे छह श्रीमद्भागवत कथाओं का आयोजन हो चुका है। हर स्थान पर कथाओं में भारी जन सैलाब उमड़ रहा है। लोग तन, मन, धन से श्रीमद् भागवत कथाओं में भागीदारी दे रहे हैं। इसी क्रम में सातवीं श्रीमद् भागवत कथा देईजी साहिबा मंदिर पांवटा साहिब में 19 अप्रैल से 25 अप्रैल तक आयोजित हो रही है। हरि यमुना सहयोग समिति ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि कथा स्थल श्री देईजी साहिबा मंदिर में प्रतिदिन दोपहर बाद तीन बजे से सायं साढ़े सात बजे तक पहुंचकर धार्मिक लाभ व यमुना जी पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी सुनिश्चित करें। समिति सदस्यों ने जानकारी दी कि 19 अप्रैल सुबह दस बजे यमुना घाट पांवटा साहिब से कथा स्थल तक भव्य कलश यात्रा एवं यात्रा का आयोजन किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App