जयराम ठाकुर करेंगे कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन

By: Apr 5th, 2024 12:55 am

छह अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर झंडूता में होगा कार्यक्रम,पूर्व सीएम करेंगे शिरकत

निजी संवाददाता-झंडूता
झंडूता मंडल भाजपा ने लोकसभा चुनाव को लेकर कमर कस ली है। इसके मद्देनजर वीरवार को पार्टी के झंडूता कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। मंडल अध्यक्ष रसम सिंह चंदेल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने विशेष तौर पर उपस्थिति दर्ज करवाई। बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। इसके तहत छह अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में झंडूता में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष तौर पर मौजूद रहेंगे। वहीं, 14 अप्रैल को संविधान निर्माता डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में बल्हसीणा में आयोजित किए जाने वाले भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर विशेष तौर पर उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। बैठक को संबोधित करते हुए जीतराम कटवाल ने कहा कि केंद्र सरकार का दस वर्ष का कार्यकाल ऐतिहासिक रहा है।

मोदी सरकार की बदौलत बिलासपुर जिला में भी विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। झंडूता विधानसभा क्षेत्र में पिछले छह वर्षों में विकास कार्यों पर 1200 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। इनमें से 300 करोड़ रुपए पिछड़ा कहे जाने वाले कोटधार क्षेत्र के विकास पर खर्च हुए हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए जीतराम कटवाल ने कहा कि इस पार्टी की हालत डूबते हुए जहाज जैसी है। 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने झूठी गारंटियों से लोगों को गुमराह करके प्रदेश की सत्ता हासिल कर ली थी लेकिन उसका चेहरा अब बेनकाब हो चुका है। बैठक में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरदयाल सिंह चंदेल, मंडल महामंत्री दिनेश चंदेल, पीडी शर्मा, इंद्र सिंह चंदेल, सुभाष मन्हास, हरबंसलाल भभौरिया, अभिषेक चंदेल व अजय शर्मा समेत मंडल के सभी पदाधिकारियों, जोन प्रभारियों व मोर्चों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App