मंडी में लोकसभा चुनाव कंगना VS विक्रमादित्य!

By: Apr 13th, 2024 4:57 pm

शिमला। लोकसभा चुनावों के चलते हिमाचल में हॉट सीट मंडी देशभर में सुर्खियां बटोर रही है। ऐसा इसलिए, क्योंकि यहां भाजपा ने बॉलीवुड क्वीन कंगना रणौत को मैदान में उतार है, जबकि कांग्रेस की ओर से अभी प्रत्याशी फाइनल नहीं हुआ है। हालांकि दिल्ली में प्रत्याशियों पर मंथन जारी है और आज रात तक प्रत्याशियों से पर्दा हट सकता है। इसी बीच मंडी से वर्तमान में लोकसभा प्रत्याशी एवं कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष ने ऐलान किया है कि मंडी से विक्रमादित्य सिंह कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे।

हालांकि पार्टी की तरफ से इस पर आधिकारिक ऐलान होना शेष है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने भी इस तरह के संकेत दिए हैं। सूत्रों की मानें तो दिल्ली में कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में भी विक्रमादित्य सिंह के नाम पर चर्चा हुई है। बहरहाल, कंगना और विक्रमादित्य के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। विक्रमादित्य सिंह को लेकर कंगना आए दिन कोई न कोई टिप्पणी कर के खूब सूर्खियां बटोर रही हैं। गत दिन कंगना ने विक्रमादित्य सिंह को लेकर बड़ा दावा किया और कहा कि विक्रमादित्य सिंह के दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के चक्कर लगाए हैं। ऐसे में वह जल्द ही हमारी टीम में शामिल हो सकते हैं। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के बाद विक्रमादित्य सिंह ने इस्तीफा दे दिया था। हालांकि सीएम सुक्खू ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और बाद में केंद्र से आई पर्यवेक्षकों की टीम ने विक्रमादित्य सिंह को मना लिया। इसके बाद विक्रमादित्य सिंह ने दिल्ली के कई चक्कर काटे थे। वह दिल्ली में क्या करने गए थे, और उन्होंने उस दौरान किन किन नेताओं से मुलाकात की, इसका खुलासा नहीं हुआ था। उस दौरान यह अटकलें भी लगनी शुरू हो गईं थी, कि विक्रमादित्य सिंह बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। इस सब के बीच अब कंगना रनौत ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा है कि विक्रमादित्य सिंह उस दौरान बीजेपी हेडक्वार्टर के चक्कर लगा रहे थे। इसी बात को लेकर कंगना विक्रमादित्य सिंह के बीजेपी में शामिल होने का दावा कर रही हैं।

दरअसल, राज्यसभा चुनाव के बाद हिमाचल प्रदेश में सियासी हलचल बढ़ गई है। इस दौरान सत्ताधारी कांग्रेस के छह विधायकों ने क्रॉस वोटिंग कर भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन का समर्थन किया था। यह सभी कांग्रेस के छह बागी हॉलीलोज के करीबी थे। गौरतलब है कि कांग्रेस की तरफ से मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लडऩे के लिए अभी तक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह का नाम सबसे आगे चल रहा है। ऐसे में अगर कांग्रेस की ओर से मंडी के लिए विक्रमादित्य सिंह को टिकट दिया जाता है तो कंगना रनौत और श्री सिंह के जुबानी हमलों से सियासी गलियारों में गरमाहट बनना लाजमी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App