विशेष

जानिए… कैसे लंबे समय तक बैठे रहना भी है नुकसानदेह

By: Apr 27th, 2024 7:19 pm

तकनीक ने जीवन आसान बना दिया है। अब किसी काम को करने के लिए ज्यादा शारीरिक मेहनत नहीं करनी पड़ती। लेकिन ये आराम नुकसानदायक भी हो सकता है। क्योंकि इसने हमारे बैठे रहने के समय को बढ़ा दिया है और साथ में सिटिंग जॉब से गंभीर परिणाम देखने को मिल सकते हैं। क्या आप जानते हैं लंबे समय तक लगातार बैठे रहने से आपको हाई ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है और हृदय रोग के साथ कई खतरनाक बीमारियां घेर सकती हैं। डेस्क पर या स्क्रीन के सामने घंटों बैठना हानिकारक हो सकता है। जब हम बैठते हैं तो खड़े होने या चलने की तुलना में हम कम ऊर्जा का उपयोग करते हैं।

ऐसे में अगर आप सिटिंग जॉब करते हैं, तो हम आपके लिए कुछ आसान टिप्स लेकर आए हैं, जिससे आप हेल्दी रहने के साथ -साथ अपना वजन भी घटा सकते हैं। इनकी मदद से न सिर्फ आप वजन कंट्रोल कर पाएंगी, बल्कि बैठे रहने से होने वाली अन्य दिक्कतों से भी छुटकारा पा सकती हैं। आपको बस करना ये है कि अपनी कुछ गलत आदतों को छोडऩा है। चलिए जानते हैं उन्हीं के बारे में विस्तार से।

डेस्क से चिपके रहना

कई लोग अपने डेस्क पर लगातार बैठकर काम करते हैं, बिलकुल भी अपनी सीट से उठते नहीं हैं। ये आदत आपको बदलने की जरूरत है, क्योंकि इसकी वजह से वजन तेजी से बढ़ सकता है। दरअसल आप अपने आफिस का टास्क पूरा करने के लिए अपने शरीर की एक्टिविटी पर ध्यान नहीं देते हैं, जिसकी वजह से आपके शरीर की कैलोरी बर्न नहीं होती है। इस स्थिति में शरीर का वजन बढ़ सकता है।

काम का स्ट्रेस

आफिस के काम को कभी भी स्ट्रेस के रूप में न लें, बल्कि काम को आराम-आराम से दिल लगाकर पूरा करने की कोशिश करें। इससे आपके शरीर का वजन कंट्रोल में रहेगा। वहीं, बढ़ते वजन की परेशानी से छुटाकारा मिल सकता है साथ ही मानसिक चिंता से भी छुटकारा मिलेगा।

लंच सही समय पर न करना

आफिस में काम के लोड के चलते कई बार हम लंच को स्किप कर देते हैं या फिर देरी से लंच करते हैं। ऐसा करना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक होता है। इसलिए कोशिश करें कि लंच हमेशा समय पर करें। कभी भी लंच को स्किप न करें। इससे आपके शरीर का वजन संतुलित रहेगा।

जल्दी-जल्दी खाना

काम के चक्कर में कई बार हम जल्दी-जल्दी खाना खाते हैं तो आपको बता दे ऐसा बिलकुल ही न करें। ऐसा करने से आपकी पाचन क्रिया प्रभावित हो सकती है और शरीर रोगों का शिकार बन सकता है।

अन हेल्दी खाना

काम में व्यस्त होने के कारण कई बार लोग कुकीज जैसी कई अन हेल्दी चीजों का सेवन दिनभर करते रहते हैं, जिसके कारण आपके शरीर में कैलोरी बढऩे लगती है और मोटापा बढ़ सकता है।

हिप और जोड़ों की समस्या

बैठने से हमारे कूल्हे की फ्लेक्सर मांसपेशियां छोटी हो जाती हैं, जिससे कूल्हे के जोड़ों में समस्या हो सकती है। लंबे समय तक बैठने से पीठ में भी समस्या हो सकती है खासकर अगर कोई लगातार खराब मुद्रा के साथ बैठता है। ज्यादा देर तक बैठे रहने से हार्ट अटैक का खतरा भी बढ़ता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App