नेता प्रतिपक्ष बोले, भाजपा को दोष न दें सीएम

By: Apr 24th, 2024 12:01 am

नेता प्रतिपक्ष का आरोप, कांग्रेस सरकार ने अपने ही विधायकों की अनदेखी की

स्टाफ रिपोर्टर — डलहौजी

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू अपनी गलतियों से सबक लेने की बजाय प्रदेश में बदले राजनीतिक हालातों के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के गठन में चुनाव जीतने वाले विधायकों की अनदेखी कर चहेतों को कैबिनेट रैंक बांट दिए। सरकार की इस कार्यप्रणाली से नाखुश विधायकों ने सदन के भीतर व बाहर इस मुद्दे को उठाया, लेकिन मुख्यमंत्री चुप रहे। इस स्थिति ने हिमाचल में ऐसा राजनीतिक वातावरण तैयार किया कि नाराज विधायकों ने राज्यसभा के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को समर्थन दिया। जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए करते हुए कहा कि वह अभी तक हमीरपुर व कांगड़ा संसदीय सीटों में प्रत्याशी ढूंढने में लगी हुई है। ऐसे में भाजपा को उम्मीद है कि कांग्रेस चुनावों तक अपने प्रत्याशियों का तलाश लेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अभी तक हिमाचल के चार संसदीय सीटों में महज दो पर ही अपने प्रत्याशी अब तक घोषित कर पाई है। जयराम ने कहा कि भाजपा व एनडीए गठबंधन की केंद्र में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस दावे का आधार देश में हुए विभिन्न सर्वेक्षण रिपोर्ट है। उन्होंने कहा कि सी-वोटर सर्वेक्षण में हिमाचल की चारों सीटों पर भाजपा की जीत बताई है। उन्होंने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव के साथ हिमाचल के छह विधानसभा सीटों के उपचुनाव भी होने जा रहे हैं, जबकि तीन सीटों के उपचुनाव संभावित हैं, क्योंकि आजाद तीन प्रत्याशियों के त्यागपत्र के बाद यह उम्मीद बनी हुई है। इस मौके पर कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी राजीव भारद्वाज, विधायक डीएस ठाकुर, पूर्व विधायक विशाल नेहरिया, धीरज नरयाल, मनोज चड्ढा, संजीव पठानिया व सौरभ मेहरा आदि लोग मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App