विशेष

एक चुनाव में बहुमत भारी और दूसरे में हार करारी

By: Apr 30th, 2024 12:08 am

सोलन में चुनावों के दौरान कांग्रेस-भाजपा के साथ अजीब संयोग; एक इलेक्शन में बढ़त, तो दूसरे में नहीं मिलते ज्यादा वोट

मुकेश कुमार — सोलन

सोलन में बीते दो विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस का प्रत्याशी जहां मामूली अंतर से जीत रहा है, वहीं लोकसभा चुनाव में भाजपा चुनावी रुख को पलट देती है। इसे प्रधानमंत्री का मोदी मैजिक कहें या कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं की लोकसभा चुनावों के प्रति ढीली अप्रोच कि वर्ष 2014 व 2019 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस आंकड़ों के रूझान में बुरी तरह पिटी है। सोलन विधानसभा के चुनाव में भाजपा को हार का दंश झेलना पड़ता है तथा लोकसभा के चुनावों में कमोवेश यही हालत कांग्रेस की हो जाती है। 2017 के विधानसभा चुनाव के परिदृश्य पर नज़र दौड़ाएं, तो सोलन विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी डा. धनीराम शांडिल को 26 हजार 200 मत प्राप्त हुए तथा उनके दामाद भाजपा प्रत्याशी डा. राजेश कश्यप को 25 हजार 529 मत मिले। इस तरह कांग्रेस का मात्र 293 मतों से पलड़ा भारी रहा, परंतु लोकसभा चुनाव 2014 में भाजपा प्रत्याशी को इस निर्वाचन क्षेत्र में 26 हजार 528 मत मिले थे तथा कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में 21 हजार 156 मत गए थे। कुल 5372 मतों का अंतर भाजपा के पक्ष में था।

2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को यहां से अप्रत्याशित लीड मिली तथा जीत के फासले का आंकड़ा तीन गुणा तक बढ़ गया। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को 37 हजार 51 मत मिले तथा कांग्रेस को 20 हजार 863 मतों से ही संतोष करना पड़ा। विस चुनाव में कांग्रेस का पलड़ा फिर भारी हो गया तथा कांग्रेस को 30089 व भाजपा को 26231 मत प्राप्त हुए। कुल मिलाकर यह अंतर 3858 वोट का रहा।

ऐसा है दोनों पार्टियों के प्रत्याशियों के प्रचार का हाल

शिमला संसदीय सीट पर कांग्रेस की ओर से टिकट वितरण में हुई देरी के कारण भी पार्टी का प्रचार अभी तक लय में नहीं आ पा रहा है। हालांकि व्यक्तिगत तौर पर कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी टिकट मिलने के बाद अब सिरमौर जिले में पसीना बहा रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप प्रचार के आरंभिक चरण में 17 में से 10 विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं के बीच जाकर अपना लक्ष्य बता रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App