लाव-लश्कर के साथ दुर्गा मंदिर पहुंचीं माता हिडिंबा

By: Apr 18th, 2024 12:17 am

मनाली। मनाली घाटी की आराध्यदेवी माता हिडिंबा लाव लश्कर के साथ दुर्गा मंदिर पहुंची। माता हिडिंबा ने आज माल रोड स्थित दुर्गा माता मंदिर में पूर्णाहुति में भाग लिया। दुर्गा मंदिर में नवरात्र के उपलक्ष्य पर आयोजित गायत्री एवं शतचंडी महायज्ञ संपन्न हो गया। बुधवार को महायज्ञ की पूर्णाहूति हुई। पूर्णाहूति के अवसर पर देवी मां हिडिंबा भी उपस्थित रही। सुबह ओल्ड मनाली से देवी मां हिडिंबा की भव्य शोभायात्रा निकली। भव्य रथ में विराजमान देवी हिडिंबा दोपहर को दुर्गा मंदिर पहुंची। इसके बाद शास्त्र एवं देव विधि से महायज्ञ की पूर्णाहूति हुई। गुरुवार को महायज्ञ के उपलक्ष्य पर बाजार में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। विशाल भंडारे के उपलक्ष्य पर गुरुवार को मनाली में बाजार बंद रहेगा।

भंडारे में क्विंटलों के हिसाब से अन्न तैयार किया जाएगा। चैत्र नवरात्र के उपलक्ष्य पर मनाली के मालरोड़ में स्थित दुर्गा मंदिर में गायत्री एवं शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया। नौ विद्वान ब्राह्मणों द्वारा प्रत्येक दिन जाप किया गया। जिसकी बुधवार को पूर्णाहूति हुई। पूर्णाहूति में भाग लेने के लिए हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी देवी मां हिडिंबा दुर्गा मंदिर पहुंची। दोपहर बाद शास्त्र एवं देव विधि से पूर्णाहूति हुई। जिसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए मंदिर के बाहर मालरोड़ में लोगों की भारी भीड़ जुटी। लोगों की लंबी लाइनें लग गई। देवी हिड़िंबा एवं मनु ऋषि के कारदार रघुवीर नेगी ने बताया कि यज्ञ संपन्न हो गया है। वीरवार को इस उपलक्ष्य पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। माता हिडिम्बा के गुर देवी सिंह ने बताया कि माता हिडिंबा के दर्शन को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु माथा टेककर सुख समृद्धि का आशीर्वाद ले रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App