जेपी नड्डा के गृह जिला बिलासपुर में घुलेगी सियासी गर्माहट

By: Apr 3rd, 2024 12:15 am

जिला भाजपा ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर तैयार किया कार्यक्रमों का पूरा रोडमैप, छह अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर सदर मंडल का त्रिदेव सम्मेलन, अनुराग ठाकुर आएंगे

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- बिलासपुर
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के गृहजिला में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जल्द ही सियासी गर्माहट घुलेगी। जिला भाजपा ने मंडलवार आगामी कार्यक्रमों का पूरा रोडमैप तैयार कर लिया है। त्रिदेव सम्मेलनों से आगाज होगा और अप्रैल अंत तक पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन भी हो जाएंगे। छह अप्रैल पार्टी के स्थापना दिवस पर सदर मंडल का त्रिदेव सम्मेलन होगा जिसमें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे और बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक व बीएलए का मार्गदर्शन करेंगे।

जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान ने बताया कि अप्रैल महीने के अंत तक जिला में कई कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। पार्टी के स्थापना दिवस पर सदर मंडल का त्रिदेव सम्मेलन हो रहा है जिसमें मंडल से पांच सौ से सात सौ कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बूथ से 3-3 कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। इससे पहले नयनादेवी, घुमारवीं व झंडूता में त्रिदेव सम्मेलन हो चुके हैं जबकि सदर मंडल का अब होने जा रहा है। स्वतंत्र सांख्यान ने बताया कि मंडल स्तर पर सभी मोर्चों की बैठकों का आयोजन होगा जिसके तहत महिला मोर्चा, एससी मोर्चा और एसटी मोर्चा सहित अन्य मोर्चों के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जा रही है। बिलासपुर में एम्स, फोरलेन, रेलवे और हाईड्रो कॉलेज जैसे बड़े प्रोजेक्ट आए हैं।

पन्ना प्रमुख सम्मेलन होंगे

अप्रैल महीने में ही बिलासपुर जिला में मंडलस्तर पर पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। जिलाध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान के अनुसार जल्द ही शेड्यूल जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलनों में केंद्रीय और प्रादेशिक स्तर पर के नेता शिरकत करेंगे।

श्रीकांत शर्मा आएंगे

बीजेपी के जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा जल्द ही बिलासपुर जिला के दौरे पर आएंगे। हर मंडल में उनका दौरा होगा और वे कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करके लोकसभा चुनाव के मददेनजर मार्गदर्शन करेंगे। जीत का रिकार्ड बनेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App