पंजाब लोकसभा चुनाव: चन्नी, रिंकू और टीनू ने ठोंकी ताल

By: Apr 17th, 2024 12:05 am

शिअद को प्रत्याशी की तलाश; बसपा ने फिर बलविंदर पर लगाया दांव, सीपीआईएम से पुरषोतम मैदान में

स्टाफ रिपोर्टर — मोहाली

पंजाब लोकसभा चुनाव में जालंधर निर्वाचन क्षेत्र में मुकाबले के लिए रण सज चुका है। कांग्रेस ने इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनावी मैदान में उतारा है, तो वहीं आम आदमी पार्टी के टिकट पर उपचुनाव जीतकर सांसद बने सुशील कुमार रिंकू में इस बार झाड़ू का साथ छोडक़र कमल के साथ जाना बेहतर समझा और वह इस सीट से फिर चुनावी ताल ठोंक रहे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी ने अकाली दल छोडक़र आप में शामिल हुए पवन कुमार टीनू को जालंधर लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित कर दिया है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी एक बार फिर बलविंदर कुमार पर दांव लगाया है। सीपीआई (एम) से परषोतम लाल भी मैदान में हैं।

यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। इस संसदीय सीट के अंतर्गत नौ विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जिनमें फिल्लौर, नकोदरए शाहकोट, करतारपुर, जालंधर पश्चिम, जालंधर सेंट्रल, जालंधर नॉर्थ, जालंधर कैंट और आदमपुर हैं। जालंधर लोकसभा सीट के पहले सांसद कांग्रेस नेता अमर नाथ थे, उनके बाद 20 साल तक इस सीट से कांग्रेस के स्वर्ण सिंह चुने जाते रहे। 1977 में इस सीट से शिरोमणि अकाली दल की जीत हुई और फिर यह सीट जनता दल, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल के खाते में आती-जाती रही। लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस के संतोख सिंह चौधरी ने शिरोमणि अकाली दल के चरणजीत सिंह अटवाल को 19491 वोटों के अंतर से हराया था। संतोख सिंह चौधरी को 385712, चरणजीत सिंह अटवाल को 366221, बसपा के बलविंदर कुमार को 204783 और आम आदमी पार्टी के रिटायर्ड जस्टिस जोरा सिंह को 25467 वोट पड़े थे।

उस चुनाव में कांग्रेस को 37.90 फीसदी,, शिअद को 35.90 फीसदी, बसपा को 20.10 फीसदी और आप को 2.50 फीसदी वोट पड़े थे। वहीं सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद 2023 में इस सीट में हुए उपचुनाव में यहां से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुशील कुमार रिंकू ने 34.05 फीसदी 302279 वोट हासिल कर जीत अपने नाम की। उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी करमजीत कौर चौधरी को 27.44 फीसदी मतों के साथ 243588, शिअद के डा. सुखविंदर कुमार सुखी को 17.85 फीसदी मतों के साथ 158445 और भाजपा के भाजपा इंदर इकबाल सिंह अटवाल को 15.18 फीसदी मतों के साथ 134800 वोट
डले थे।

दल बदला और पाया टिकट

इस सीट पर दिलचस्प पहलू यह है कि आम आदमी पार्टी के सांसद सुशील कुमार रिंकू ने पार्टी से टिकट मिलने के बाद भाजपा को ज्वाइन कर लिया और वहां से प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं पवन कुमार टीनू ने शिअद को छोडक़र आप ज्वाइन कर ली और झाड़ू के निशान पर चुनाव में उतरे हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को इस सीट से चुनाव में उतारकर कांग्रेस अपनी इस सीट पर परचम लहराने की कोशिश में है।

पंजाब का तीसरा सबसे अधिक आबादी वाला शहर

जालंधर पंजाब का तीसरा सबसे अधिक आबादी वाला शहर है। यह एक ऐतिहासिक और महत्त्वपूर्ण औद्योगिक नगर है। इस नगर के मुख्य उत्पाद चमड़ा, खेल और हैंड टूल्स हैं। इस कारण यह संपूर्ण विश्व में विख्यात है। जालंधर पंजाब का सबसे पुराना नगर माना जाता है। जालंधर वह जगह है जिसने देश को कई वीर योद्धा दिए है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App