ऊना में बारिश, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी

By: Apr 28th, 2024 12:55 am

खेतों में कटाई के बाद लट्ठे बनाकर रखी फसल को खोलकर सुखाने को मजबूर जमींदार

स्टाफ रिपोर्टर-ऊना
जिला में शुक्रवार रात को अंधड़ भरी बारिश होने से जहां बढ़ती गर्मी से लोगों को राहत मिली है तो दूसरी तरफ कृषि कारोबारियों की गेहूं की फसल खराब होने के कारण परेशानियां बढ़ गई है। वर्तमान समय में जिला ऊना में गेहूं की फसल की कटाई युद्ध स्तर पर जारी है। परंतु बनते-बिगड़ते मौसम के कारण जमींदारों की परेशानियां बढ़ गई है। कई किसानों ने गेहूं काटकर लट्ठे बनाकर खेतों में रखे थे, लेकिन खराब मौैसम के चलते बारिश होने से जमींदारों को अब ज्यादा मेहनत करनी पड़ रही है। जिन किसानों ने गेहूं की फसल के लट्ठे बनाकर रखते थे तो अब उन्हें भीगे लट्ठों को खोलकर सूखाने पड़ रहे हैं। बता दें कि मौसम की मार के कारण किसानों को हर वर्ष भारी नुकसान का सामना करना पड़ता है। हर बार भी किसानों को पहले सूखे के कारण घाटा सहना पड़ा तो उसके बाद भयंकर तूफान चलने से खेतों में फसल गिर गई और अब फिर से खराब मौसम गेहूं की फसल में किसानों को नुकसान पहुंचा रहा है।

शुक्रवार को दिन के समय अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था तो दिन की भयंकर गर्मी के बाद रात को बादल बरस गए। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिला ऊना में 35,514 हेक्टेयर भूमि में गेहूं की फसल की पैदावार होती है। जहां से प्रति वर्ष किसानों को 80 हजार मीट्रिक टन के करीब गेहूं की पैदावार होती है और करीब आठ लाख क्विंटल पशुचारा(तूड़ी) निकलती है। 35,514 हेक्टेयर भूमि में 20941 हेक्टेयर गैर सिंचित क्षेत्र व 14573 हेक्टेयर सिंचित क्षेत्र शामिल है। वहीं, जिला में 5000 हेक्टेयर गैर सिंचित क्षेत्र में गेहूं की फसल को सूखे की मार से प्रभावित हुई। उसके बाद पीला रतुआ फैलने से किसानों को गेहूं की फसल में नुकसान का सामना करना पड़ा और अब खराब मौसम के कारण किसानों की गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई।

मंडराते रहेंगे बादल, पर बारिश के आसार नहीं
वहीं, मौसम विशेषज्ञ विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि अगले दो दिनों में जिला में बादलों का मंडराना जारी रहेगा, लेकिन बारिश होने के आसार नहीं है। आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा।

बादलों के बरसने से छह डिग्री सेल्सियस गिरा पारा
तेज तूफान के साथ तीन एमएम बारिश होने से शनिवार को जिला ऊना के अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस पारे की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने शनिवार को जिला का अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया तो न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शुक्रवार को जिला का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस मापा गया था तो न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बारिश होने से जहां जिला के अधिकतम पारे में गिरावट दर्ज की गई तो दूसरी तरफ बढ़ती गर्मी से भी लोगों को राहत मिली है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App