शिमला संसदीय सीट ने बढ़ाई भाजपा-कांग्रेस की धुकधुकी

By: Apr 15th, 2024 12:54 am

भारतीय जनता पार्टी ने सुरेश कश्यप पर खेला दांव, प्रदेश सरकार ने विनोद सुल्तानपुरी पर जताया विश्वास
धीरज चोपड़ा-पांवटा साहिब
चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनावों की तिथि का ऐलान करने के बाद हिमाचल प्रदेश में अब चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। सभी पार्टियों द्वारा लोकसभा चुनावों को लेकर प्रचार करना शुरू कर दिया है। बीजेपी ने जहां शिमला संसदीय सीट पर दोबारा सुरेश कश्यप को टिकट दिया है। वहीं कांग्रेस ने भी इस सीट के लिए विनोद सुल्तानपुरी को टिकट देकर इस मुकाबले को दिलचप्स बना दिया है। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में भी लोकसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ चुकी है। कभी कांग्रेस का अभेद्य किला रहे शिमला संसदीय सीट पर पिछले तीन चुनाव से भाजपा का कब्जा है। कांग्रेस को अपना दुर्ग फिर से लेना है तो चक्रव्यूह रचना होगा। यह संसदीय सीट हमेशा सत्ता का केंद्र रही है। कांग्रेस के कृष्ण दत्त (केडी) सुल्तानपुरी यहां से लगातार छह बार सांसद रहे हैं। सुल्तानपुरी प्रदेश के पहले ऐसे सांसद हैं जिनके नाम यह रिकार्ड है। उधर, भाजपा ने शिमला से सांसद सुरेश कश्यप को टिकट देकर मनोवैज्ञानिक बढ़त ले ली है। पांवटा के विधायक सुखराम चौधरी हर बार बीजेपी को बढ़त दिलाने में कामयाब रहे हैं।

2014 के चुनावों में पांवटा से बीजेपी के प्रत्याशी वीरेंद्र कश्यप को 33476 वोट पड़े थे। वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी मोहन लाल ब्राकटा को 16627 वोट पड़े थे। इस दौरान बीजेपी के प्रत्याशी वीरेंद्र कश्यप को 16849 की बढ़त मिली थी। 2014 में पांवटा में कुल 53363 वोट पड़े थे। वहीं 2019 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी के प्रत्याशी सुरेश कश्यप को पांवटा से 43848 वोट पड़े थे। कांग्रेस के प्रत्याशी कर्नल धनीराम शांडिल को 16331 वोट पड़े थे। बीजेपी के प्रत्याशी सुरेश कश्यप को 27517 की भारी बढ़त मिली थी। देखना है कि सुखराम चौधरी कितनी बढ़त दिलाते हैं शिमला संसदीय सीट में सिरमौर जिले के पांवटा साहिब विधानसभा भाजपा के लिए खास मानी जाती है। इस पर वर्तमान में बीजेपी ने भारी बढ़त ली थी। सीट का राजनीतिक इतिहास देखें तो इस बार भी चुनावों में भाजपा मजबूत नजर आ रही है। हालांकि कांग्रेस बढ़त दिलाने लिए पूरा जोर लगाने की तैयारी में दिख रही है।-एचडीएम


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App