सिरमौर जिला कांग्रेस कमेटी ने मनाया 76वां हिमाचल दिवस

By: Apr 16th, 2024 12:10 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
जिला सिरमौर कांग्रेस कमेटी द्वारा पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश का 76वां गठन दिवस मनाया गया। हिमाचल दिवस के मौके पर कांग्रेस भवन सहित यशवंत चौक पर हिमाचल निर्माता डा. यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया गया। हिमाचल निर्माता के पौत्र एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार व स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने जहां कांग्रेस भवन पर ध्वजारोहण किया तो वहीं तमाम कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के द्वारा डा. परमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया गया।

इस मौके पर विधायक अजय सोलंकी ने प्रदेश व जिलावासियों को पहाड़ी राज्य के गठन की शुभकामनाएं देते हुए हिमाचल निर्माता के बताए हुए आदर्श मार्ग पर चलने का भी आह्वान किया। अजय सोलंकी ने कहा कि आज छोटा सा पहाड़ी प्रदेश देश के अग्रणी प्रदेशों में अपना विशेष महत्त्व रखता है। उन्होंने कहा कि न केवल इस पहाड़ी राज्य ने विकास के मामले में बल्कि पहाड़ी संस्कृति और यहां की परंपराओं को भी विश्व में अपनी विशेष पहचान दिलाई है। अजय सोलंकी ने कहा कि आम जनता के साथ-साथ आज की युवा पीढ़ी को यह भी जानना चाहिए कि डा. परमार की दूरदर्शित सोच के चलते ही हमें पहाड़ी राज्य का दर्जा मिला था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App