विशेष

हिमाचल की सियासत में बढ़ रहा चंद परिवारों का दबदबा

By: Apr 29th, 2024 12:05 am

दिव्य हिमाचल के सर्वे में 74 फीसदी लोगों ने हां में दिया जवाब; 22 प्रतिशत ने न कहकर रखा अपना पक्ष, चार परसेंट बोले, पता नहीं

हैडक्वार्टर ब्यूरो — मटौर

हम यह नहीं कहते कि नेता के पुत्र को नेता नहीं बनना चाहिए। किसी में काबीलीयत है, तो वह कोई भी मुकाम हासिल कर सकता है, लेकिन हिमाचल में इन दिनों बड़ी चर्चा है कि क्या पहाड़ी प्रदेश में चंद परिवारों का दबदबा बढ़ रहा है। लोकसभा और 6 विधानसभा उपचुनाव के बीच इसी सवाल का जवाब जानने लिए अग्रणी मीडिया हाउस ‘दिव्य हिमाचल’ ने साप्ताहिक सर्वे के जरिए जनता की नब्ज टटोलने का प्रयास किया। सवाल इस प्रकार था, क्या हिमाचल की राजनीति में चंद परिवारों का कब्जा बढ़ रहा है? इसके जवाब में 74 प्रतिशत लोगों ने हां में जवाब देते हुए माना है कि प्रदेश की सियासत में चंद परिवारों का कब्जा बढ़ रहा है। सर्वे में ऐसे सिर्फ 22 प्रतिशत लोग मिले, जो यह नहीं मानते कि हिमाचल में कुछ परिवारों का प्रभाव नहीं बढ़ रहा है। इसमें 4 प्रतिशत लोगों ने पता नहीं कहकर सवाल से ही किनारा कर लिया। सात दिन के सर्वे में कुल 3604 लोगों ने हिस्सा लिया। ‘दिव्य हिमाचल’ के यूट्यूब चैनल पर 3100 लोगों ने रिएक्ट किया,तो लोकप्रिय वेबसाइट दिव्य हिमाचल डॉट कॉम पर 480 लोगों ने वोट किया। ‘दिव्य हिमाचल’ के फेसबुक पेज पर भी लोगों ने अपनी राय दी। कुल मिलाकर बहुमत इस पक्ष में रहा कि चंद परिवार राजनीति में प्रभावशाली हो रहे हैं।

ये हैं प्रमुख राजनीतिक घराने

प्रदेश में 6 बार सीएम रह चुके दिवंगत कांग्रेस नेता वीरभद्र सिंह का परिवार हिमाचली सियासत में अहम रोल अदा करता है। मौजूदा समय में उनकी पत्नी कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष व मंडी से लोकसभा सांसद हैं। बेटे विक्रमादित्य सिंह प्रदेश सरकार में पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर व मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी हैं। प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा प्रमुख घराना धूमल परिवार है। प्रो प्रेम कुमार धूमल पूर्व में सीएम व सांसद समेत कई अहम पदों पर रहे हैं। उनके बेटे अनुराग ठाकुर चार बार हमीरपुर से लोकसभा सांसद रहे हैं, वह पांचवीं बार लोकसभा प्रत्याशी हैं। प्रदेश की राजनीति में एक और प्रमुख घराना बाली परिवार है। दिवंगत दिग्गज नेता जीएस बाली के बाद उनके बेटे नगरोटा बगवां से विधायक व कै बिनेट रैंक हैं।

बुटेल और सुखराम परिवार

पालमपुर से बीबीएल बुटेल दिग्गज कांग्रेस नेता हैं। अभी उनके बेटे आशीष बुटेल पालमपुर से विधायक हैं। इसी तरह मंडी से सुखराम परिवार का बड़ा जलवा रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम के बेटे अनिल शर्मा व पौत्र आश्रय शर्मा एक्टिव पोलिटिक्स में अहम रोल अदा करते हैं। इसी तरह हमीरपुर से ठाकुर जगदेव चंद के बाद उनके बेटे नरेंद्र ठाकुर व बहू उर्मिल ठाकुर कई बड़े पदों पर रहे हैं। इसी तरह बैजनाथ से पंडित सुखराम के बाद अब सुधीर शर्मा प्रदेश में जाना पहचाना चेहरा हैं। नूरपुर से सत महाजने के बेटे अजय महाजन व फतेहपुर से सुजान सिंह पठानिया के बाद उनके बेटे भवानी पठानिया, कसौली से केडी सुल्तानपुरी के बेटे विनोद सुल्तानपुरी (शिमला से कांग्रेस कैंडीडेट) एक्टिव पोलिटिक्स में हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App