भाजपा को जीत दिलाने का रखा लक्ष्य

By: Apr 28th, 2024 12:55 am

विधायक रणधीर शर्मा ने मोदी सरकार के कामों को सराहा; बोले, पिछले 10 वर्षों में देश की सरहदों, सेना को बनाया है सशक्त
निजी संवाददाता-नयनादेवी
आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के हर बूथ से अनुराग ठाकुर को बढ़त देने का लक्ष्य रखा गया है। यह बात श्री नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा ने बूथ विजय अभियान के अंतर्गत दबट, दलहेत, तरसुह व जंडोरी बूथ के कार्यकर्ताओं की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दौरान अनुराग ठाकुर के प्रयासों से श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र में फोरलेन, रेलवे व एम्स जैसे विकास के नए आयाम स्थापित किए गए। यही नहीं मोदी सरकार ने आयुष्मान, उज्जवला, प्रधानमंत्री आवास, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री गरीब अन्न कल्याण जैसी अनेक योजनाएं शुरू कर गरीबों को लाभ पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं का समाधान करना मोदी सरकार की बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि धारा 370 और 35ए को समाप्त कर मोदी सरकार ने इतिहास रचने का काम किया है और भगवान राम के जन्म स्थान पर भव्य मंदिर का निर्माण कर तो मोदी जीभ् ने करोड़ों लोगों का दिल ही जीत लिया है। उन्होंने ने कहा मोदी ने पिछले 10 वर्षों में देश की सरहदों और सेना को सशक्त बनाया है। आज पूरे विश्व में भारत का मान और सम्मान बढ़ा है। लेकिन कांग्रेस को यह पच नहीं रहा, वह अपने अनर्गल बयानबाजी से किसी भी तरह सत्ता हथियाना चाहती है।

अगर आप कांग्रेस का मेनिफेस्टो देखेंगे तो यह किसी भारतीय राजनीतिक दल का मेनिफेस्टो नहीं बल्कि भारत विरोधियों का मेनिफेस्टो लगता है। कांग्रेस ने कभी भी सेना को सशक्त नहीं बनाया बल्कि रक्षा सौदों में भी दलाली की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूरी तरह से फ्लॉप हो चुकी हैं जिसके कारण दु:खी होकर उनके विधायकों तक ने कांग्रेस सरकार का साथ छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मन में जरा सी नैतिकता होती तो उन्हें राज्यसभा चुनाव परिणाम आने के बाद अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए था। लेकिन अभी भी यह बात निश्चित है कि यह सरकार चंद दिनों की मेहमान है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी यह निश्चित है। उन्होंने कहा की कांग्रेस ने विधानसभा के चुनाव में भी नारी शक्ति का अपमान किया और अब लोकसभा के चुनाव नजदीक देखकर फिर नारी शक्ति को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश की नारी शक्ति इनके के बहकावे में नहीं आएगी लोकसभा के चुनाव में कांग्रेस को इसका मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App