‘टेढ़ी उंगली से करने वाले जान लें, यहां लोग भी कम टेढ़े नहीं’

By: Apr 30th, 2024 6:33 pm

मंडी। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के बयान पर पटलवार करते हुए कहा है कि टेढ़ी उंगली से घी निकालने वाले यह जान लें कि यहां पर लोग भी कम टेढ़े नहीं हैं। जयराम ठाकुर ने यह बात उन्होंने बल्ह विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले कंसा मैदान में भाजपा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन के बाद मीडिया के सवालों का जबाव देते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता से कांग्रेस की सरकार को पांच वर्षों के लिए मौका दिया था, लेकिन कांग्रेसियों से खुद ही अपनी सरकार नहीं संभाली जा रही।

जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्यसभा की सीट भारतीय जनता पार्टी ने जीत ली और छह विधायकों ने कांग्रेस की सरकार को अलविदा कह दिया। प्रदेश में अब कांग्रेस की सरकार नहीं है और इसी बात की पीड़ा विक्रमादित्य सिंह को सताए जा रही है। सरकार के जाने में भाजपा का कोई रोल नहीं है। सरकार अपनी गलतियों और नाकामियों के कारण गिरने जा रही है।

इससे पहले पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने मंडी को जिस तरह से संबोधित किया उसके बाद भी प्रदेश के मुखिया चुप रहे। आज दिन तक उन्होंने एक महिला के हुए अपमान को लेकर एक शब्द तक नहीं कहा। जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी जिला को जिस तरह से अपमानित करने का प्रयास किया जा रहा है उसका बदला अब मंडी की जनता लेगी। मंडी फिर से अपने मान-सम्मान और स्वाभिमान के लिए उठ खड़ी होगी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को 1500 रुपए के नाम पर ठगने का प्रयास किया। आज 15 महीने बीत जाने के बाद भी महिलाओं को यह राशि देना शुरू नहीं हुई और न ही कांग्रेस की नियत 1500 रुपए देने की है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के दौरान झूठे फार्म भरवाए थे और आज जनता उस झूठ को भली भांति जान चुकी है। इस बार जनता कांग्रेस के बहकावे में नहीं आने वाली।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App