देवता कोट भझारी-देवी माता प्रकौट का मिलन

By: Apr 26th, 2024 12:54 am

स्टाफ रिपोर्टर-आनी
देवभूमि जलोड़ी क्षेत्र का प्रसिद्ध वार्षिक कोट मेला धूमधाम से मनाया गया। देवता कोट भझारी के सानिध्य में ग्रामीण मेला 23 अप्रैल से 25 अप्रैल तक मनाया गया। देवता शेषनाग के कारदार भागेराम राणा ने कहा कि मेला हर वर्ष गांव कोट के प्रांगण तथा मेला मैदान में मनाया जाता है। मेले में विशेष रूप से जलोड़ी क्षेत्र की देवी माता प्रकौट सैंकड़ों देवलुओं संग शामिल हुई। मेले में दोनों देवी-देवताओं का भव्य मिलन हुआ, जिनका स्थानीय मेला कमेटी ने देव परम्परा अनुसार भव्य स्वागत किया। इस दौरान पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर देव नृत्य ने सबका मन मोहा। जबकि ग्रामीणों की सयुंक्त नाटी ने लोक संस्कृति की खूब अनुपम छटा बिखेरी। वहीं, महिला मंडलों, युवा मंडलों और सांस्कृतिक दलों के लोकनृत्य ने मेले में आए लोगों का खूब मन मोहा।

इस मौके पर कारदार भागे राम राणा ने बताया कि देवता कोट भझारी तथा देवी माता प्रकौट के दर्शन करने तीन दिनों तक लोगों का तांता लगा रहा। 25 अप्रैल को भी दोनों देवी-देवताओं का अलौकिक मिलन हुआ। मंदिर कमेटी ने दोनों देवी-देवताओं के साथ आए सभी देवलुओं को भंडारे का प्रसाद भी दिया। पहाड़ी गीतों व लोकनृत्य से मेले में धूम रही। देवी माता प्रकोट के कारदार कर्म सिंह ने बताया कि देवी देवताओं के प्रति आउटर सिराज की जनता की अटूट आस्था व अपार श्रद्धा है। गांव के हर घर से इस मेले मे लोग शामिल होते है। देवी देवताओं की विदाई के साथ कोट ठिर्सू मेला सम्पन्न हुआ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App