वंशिका बनेंगी प्रवक्ता, अर्पिता डाक्टर तो आरूषि आईएएस अफसर

By: Apr 30th, 2024 12:15 am

स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित किए गए दस जमा दो के वार्षिक परीक्षा परिणाम में सेंट डीआर पब्लिक स्कूल गगरेट ने अपनी पुरानी परंपरा को कायम रखा है। इस बार भी प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित किए गए दस जमा दो के वार्षिक परीक्षा परिणाम में सेंट डीआर पब्लिक स्कूल की तीन छात्राओं ने मेरिट सूची में स्थान हासिल कर स्कूल व गगरेट क्षेत्र को गौरवांवित किया है। नॉन-मेडिकल संकाय के वार्षिक परीक्षा परिणाम में प्रदेश भर में मेरिट सूची में नौंवा स्थान हासिल करने वाली वंशिका का सपना इंजीनियरिंग कालेज में बतौर प्रोफेसर बनकर इस देश के लिए कुशल अभियंता पैदा करना है। वंशिका ने अब अपना पूरा फोकस एआईईईई पर फोकस किया है ताकि इस परीक्षा को पास कर वह किसी नामी इंजीनियरिंग कालेज में प्रवेश पा सके। वंशिका एनआईटी में बतौर प्रोफेसर नौकरी करने की इच्छुक है। वंशिका ने अपनी इस शपलता का श्रेय अपने माता-पिता व शिक्षकों को दिया है। वंशिका के पिता साइंस टीचर हैं तो मां कमेस्ट्री की प्रवक्ता हैं। वंशिका ने बताया उसका लक्ष्य बेहतर प्रदर्शन करना था।

इसके लिए वह पांच से छह घंटे तक पढ़ाई करती थी। मेडिकल संकाय में प्रदेश भर में मेरिट सूची में आठवां स्थान हासिल करने वाली अर्पिता राणा का सपना डाक्टर बनने का है। अर्पिता के पिता पूर्व सैनिक हैं तो मां गृहणी है। अर्पिता ने बताया कि उसकी सफलता के पीछे स्कूल की प्रिंसीपल सरोज कमल शुक्ला का बड़ा हाथ है क्योंकि अनुशासन में रहकर मेहनत करना उसने उन्हीं से सीखा है। अर्पिता ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय प्रिंसीपल सरोज कमल शुक्ला, शिक्षकों व माता-पिता को दिया है। नान-मेडिकल संकाय में प्रदेश भर में मेरिट सूची में दसवां स्थान झटकने वाली आरूषि ठाकुर का सपना प्रशासनिक अधिकारी बनकर समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के लिए काम करना है। आरूषि के पिता भारतीय सेना में हैं तो मां गृहणी है। आरूषि ने बताया कि विद्यार्थी जीवन प्रत्येक मनुष्य के जीवन में अति महत्वपूर्ण होता है। उसे गर्व है कि उसे विद्यार्थी जीवन में सेंट डीआर पब्लिक स्कूल जैसा स्कूल मिला। यहां आकर उसे अनुशासन व मेहनत की शिक्षा मिली। आरूषि के अनुसार इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए वह चार से पांच घंटे तक मेहनत करती थी। स्कूल की प्रिंसीपल सरोज कमल शुक्ला ने मेरिट सूची में स्थान हौसिल करने वाले विद्यार्थियों के साथ उनके परिजनों को भी बधाई दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App