फोटोशूट बंद, तो सफाई से भागे कई लोग

By: Apr 7th, 2024 12:55 am

हरिपुरधार के नायब तहसीलदार की अगवाई में शहरभर में चला महा सफाई अभियान, महिलाओं की हुई खूब तारीफ
निजी संवाददाता- नौहराधार
नायब तहसीलदार हरिपुरधार संतोष कुमारी की अगवाई में शनिवार को हरिपुरधार में महा सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में लोक निर्माण विभाग, मेडिकल विभाग, जल शक्ति विभाग, शिक्षा विभाग के अलावा व्यापार मंडल व महिला मंडल के 100 से अधिक लोगों ने भाग लिया। नायब तहसीलदार ने सफाई के लिए बाजार को चार जोनों में बांटकर सफाई अभियान के लिए चार टीमें गठित की। पहली टीम को हॉस्पिटल रोड़, दूसरी टीम को शिलाई रोड़, तीसरी टीम को सोलन रोड व चौथी टीम को नाहन रोड़ पर सफाई का जिम्मा सौंपा। नायब तहसीलदार ने सभी विभागों के कर्मचारियों व व्यापार मंडल के सदस्यों को सुबह 10 बजे उप-तहसील कार्यालय में बुलाया था। 11 बजे के बाद सफाई अभियान शुरू हुआ और दोपहर बाद दो बजे तक चला। सफाई अभियान में महिलाओं ने न सिर्फ भाग लिया, बल्कि पुरुषों के मुकाबले अधिक काम भी किया। लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने भी बेहतरीन कार्य किया।

जल शक्ति विभाग के कर्मचारी अभियान शुरू होने के 10 मिनट बाद ही नदारद हो गए। व्यापार मंडल के 250 सदस्यों में से मात्र लगभग 50 सदस्यों ने भाग लिया। उनमें से भी करीब 40 सदस्य दोपहर 12 बजे के बाद नदारद हो गए। नायब तहसीलदार संतोष कुमारी ने बताया कि बाजार में अधिकतर सफाई अभियान झाड़ू के साथ फोटोशूट करने तक ही सीमित होते हैं। इसलिए इस अभियान के दौरान उन्होंने फोटो खींचने पर पाबंदी लगा दी थी। इसका परिणाम यह हुआ कि सफाई में जुटे लोगों का पूरा ध्यान सिर्फ सफाई पर ही लगा रहा। सफाई अभियान में जिन लोगों ने भाग लिया उनमें नायब तहसीलदार संतोष कुमारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमर सिंह ठाकुर, महिला मंडल प्रधान राधा देवी, सुखराम शर्मा, सैना राणा, सुभाष, रघुबीर शर्मा, नारिया, गौरव, जयपाल, अशोक, सुमन ठाकुर, इंदु शर्मा, आशा, गीता, कृष्णा आदि
शामिल रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App