सर्वे… दल बदलने वाले नेताओं से जनता नाराज

By: May 5th, 2024 9:09 pm

दिव्य हिमाचल के सर्वे में 77 प्रतिशत लोगों ने दल बदलने को बताया गलत, 21 प्रतिशत ने नहीं में दिया जवाब

जीवन ऋषि, मटौर

सियासी उथल-पुथल से त्रस्त हिमाचल में हाल ही के दिनों में कई नेता कांग्रेस से भाजपा में शामिल हो गए, तो कइयों ने कांग्रेस को अलविदा कहकर बीजेपी ज्वाइन कर ली। राजनीति में दल बदलना आम बात है, लेकिन हिमाचल में लोग अपने नेताओं से ऐसी उम्मीद नहीं करते। यही कारण है कि हिमाचल के प्रबुद्ध नेताओं ने आमजन की नाराजगी मोल ले ली है। प्रदेश के अग्रणी मीडिया हाउस दिव्य हिमाचल के इस बार के साप्तहिक सर्वे में 77 लोग नेताओं के पार्टी बदलने से खफा हो गए हैं। दिव्य हिमाचल ने अखबार, टीवी और यूट्यूब आदि प्लेटफार्म पर सवाल पूछा था कि क्या नेताओं के पार्टी बदलने से आप आहत हैं।

इस पर कुल 3480 लोगों ने रिएक्ट किया। इसमें 2679 (77 फीसदी) ने हां में जवाब देकर दल बदलने वाले नेताओं को आईना दिखा दिया। सर्वे में महज 730 (21 फीसदी) लोग ही पार्टी बदलने को सही ठहराते नजर आए। सर्वे में 69 (2 फीसदी) ने कहा कि उन्हें इस बारे में कुछ पता नहीं है। कुल मिलाकर हिमाचली जनता का एक बड़ा वर्ग किसी नेता द्वारा पार्टी बदलने को गलत ठहरा गया।

राज्यसभा सीट पर क्रॉस वोटिंग के बाद मचा घमासान

बीते 27 फरवरी को हिमाचल में राज्यसभा की एक सीट के लिए वोटिंग हुई। इससे 40 विधायक वाली कांग्रेस 25 विधायक वाली भाजपा से हार गई। वोटिंग में तत्कालीन 6 कांग्रेसी विधायकों राजेंद्र राणा, सुधीर शर्मा, देवेंद्र भुट्टो, आईडी लखनपाल, रवि ठाकुर, चैतन्य शर्मा ने क्रॉस वोट किया था। उसके बाद ये सभी विधायक भाजपा में शामिल हो गए,उपचुनाव में अब ये सभी भाजपा कैंडीडेट हैं। दूसरी ओर में राकेश कालिया और कैप्टन रणजीत राणा भी भाजपा छोडक़र कांग्रेस में शामिल हुए हैं। प्रदेश में दूसरी पंक्ति से भी कई नेताओं ने पार्टी बदली है।

आप भी लें सर्वे में हिस्सा

प्रदेश का अग्रणी मीडिया हाउस ‘दिव्य हिमाचल’ हर सप्ताह प्रदेश के ज्वलंत मसले पर जनता की राय जानता है। इसके तहत दिव्य हिमाचल अखबार के प्रथम पन्ने पर सवाल देख सकते हैं। उसके बाद वेबसाइट दिव्यहिमाचलडॉटकॉम, यूटयूब व फेसबुक पेज पर जहां यह सवाल डिस्पले होता है, वहां अपनी राय दे सकते हैं। आप दिव्य हिमाचल के इन प्लेटफार्म पर खुलकर अपना पक्ष रख सकते हैं। ..तो अगर आप भी इस सर्वे में हिस्सा लेना चाहते हैं, तो अभी दिव्य हिमाचल के उपरोक्त माध्यमों से जुडक़र अपना कमेंट दें। आपकी राय इस सर्वे को बेहतरीन बनाने में मदद करती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App