प्रदेश में चार मई से कैसा रहेगा मौसम, जानिए

By: May 1st, 2024 9:19 pm

मौमस विभाग का पूर्वानुमान; कल से करवट लेगा मौसम, चोटियों पर ताजा हिमपात

विशेष संवाददाता-शिमला

प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान चोटियों पर ताजा हिमपात से मैदानों में सुबह-शाम ठंड हो गई है। मौसम विभाग ने केलांग, जोत, खीरी और ताबो में बर्फबारी दर्ज की है। सबसे ज्यादा बर्फबारी चंबा के जोत में दर्ज की गई है। यहां 3.3 सेंटीमीटर, खीरी में 2.6 और ताबो में 0.5 सेंटीमीटर बर्फ गिरी है। मौसम विभाग के अनुसार 48 घंटे तक मौसम साफ रहने की संभावना है। ताजा बर्फबारी के बाद केलांग में तापमान तेजी से गिरा है। बुधवार को यहां तापमान माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है, जबकि पावंटा साहिब में सबसे अधिक 36 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है।

समूचे प्रदेश में पावंटा साहिब बुधवार को सबसे गर्म रहा है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में ऊना 34 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर 32.7, कांगड़ा 30, सोलन 29, धर्मशाला 25, शिमला 22.2 और चंबा 20.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया है। मौसम विभाग ने चार मई से एक बार फिर मौसम के खराब होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान और उसके आसपास के क्षेत्र पर एक चक्रवाती पटर संचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ अब उत्तरी पाकिस्तान और उससे जम्मू और कश्मीर पर औसत समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर और 5.8 किलोमीटर के बीच स्थित है। तीन मई से प्रदेश में एक बार फिर बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है।

प्रदेश में बारिश से 48 सडक़ें, 28 ट्रांसफार्मर ठप

प्रदेश में अभी भी 48 सडक़ें बहाल नहीं हो पाई हैं। ज्यादातर सडक़ें लाहुल-स्पीति में बंद हैं। बर्फबारी प्रभावित यह सडक़ें बीआरओ के अधीन हैं। इसके अलावा तीन एनएच भी सर्दियों से अभी तक बंद हैं। इन एनएच को आमूमन अप्रैल के अंत तक बहाल कर लिया जाता है, लेकिन इस बार लगातार खराब हो रहे मौसम का असर इन हाई-वे पर नजर आ रहा है। बिजली बोर्ड ने बीते 24 घंटे में पांच ट्रांसफार्मर बहाल किए हैं। इस समय 28 ट्रांसफार्मर पूरे प्रदेश में ठप हैं। इनमें से 21 लाहुल-स्पीति में और सात चंबा में में हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App