एअर इंडिया एक्सप्रेस के केबिन क्रू ने वापस ली हड़ताल

By: May 10th, 2024 12:08 am

चीफ लेबर कमिश्नर ने करवाई सुलह, बर्खास्त 25 कर्मचारी होंगे बहाल

सात मई को छुट्टी पर चले गए थे 200 मुलाजिम, रद्द करनी पड़ी थीं उड़ानें

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

एअर इंडिया एक्सप्रेस के कर्मचारियों ने गुरुवार शाम आठ बजे हड़ताल वापस ले ली। चीफ लेबर कमिश्नर ने कहा कि एयरलाइन बर्खास्त 25 कर्मचारियों को नौकरी पर वापस लेगी। एअर इंडिया एक्सप्रेस के 200 से ज्यादा क्रू मेंबर्स सात मई की रात को अचानक छुट्टी पर चले गए थे। वे बुधवार से ही काम पर नहीं आ रहे थे। इन सभी कर्मचारियों ने एक साथ पहले सिक लीव अप्लाई की और अपना मोबाइल फोन ऑफ कर लिया था। इस वजह से मंगलवार रात से 170 से ज्यादा उड़ानें रद्द की गईं। एयरलाइन ने गुरुवार सुबह 10 बजे 25 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया।

एयरलाइन ने बाकी कर्मचारियों से कहा कि गुरुवार शाम चार बजे तक नौकरी पर लौट आएं। ऐसा न करने पर सबको निकाल दिया जाएगा। एयरलाइन के इस पूरे विवाद में चीफ लेबर कमिश्नर ने मध्यस्थता की। एयरलाइन और एअर इंडिया एक्सप्रेस कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों के बीच दिल्ली के द्वारका स्थित चीफ लेबर कमिश्नर ऑफिस में मुलाकात हुई। इसमें दोनों पक्षों के बीच हड़ताल वापस लेने और बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली पर सहमति बनी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App