अमित शाह थपथपा गए देवेंद्र भुट्टो की पीठ

By: May 26th, 2024 12:59 am

अंब में रैली के दौरान कुटलैहड़ से भाजपा प्रत्याशी को सपोर्ट करने की अपील, कांग्रेस पर किया वार
कार्यालय संवाददाता-बंगाणा
अंब में रैली के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कुटलैहड़ से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टोको जिताने की अपील की। उन्होंने मंच से तीन बार देवेंद्र भुट्टो का नाम लिया। अमित शाह ने कहा कि देवेंद्र कुमार भुट्टो श्रीराम भक्त हैं। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में धर्म का साथ देते हुए भाजपा प्रत्याशी को वोट दिया था। ऐसे श्रीराम भक्त की जीत सुनिश्चित कर विधानसभा भेजे। प्रदेश सहित कुटलैहड़ के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। वहीं देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू मंच से अशोभनीय शब्द बोलकर अपनी ही इमेज खराब कर रहे हैं। सीएम ऐसे अभद्र शब्दों से कुटलैहड़ में चुनाव जीतने की सोच रहे है। यह सोच गलत है। कुटलैहड़ की जनता ने मेरा 30 वर्ष का कार्यकाल देखा है। वह 30 वर्ष से जनता के बीच रहे है। उनहोंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी मुख्यमंत्री के सहारे अपनी नैया पार लगाने की सोच रहे है।

इनके पास अपनी कोई उपलब्धि नहीं है। उन्होंने कहा कि जो खुद डूबने की कगार पर है, वह किसी की नैया कैसे पार लगाएगा। चार जून को सुक्खू सरकार की विदाई तय है। देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि मुझे राजनीति विरासत में नहीं मिली है। बल्कि मैं एक गरीब और सैनिक परिवार से संबंध रखता हूं। मेहनत करके यहां तक पहुंचा हूं। भुट्टो ने कहा कि 20 वर्ष ब्लॉक बंगाणा का बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष और 14 माह कुटलैहड़ का विधायक भी बना हूं। भुट्टो ने कहा कि मेरी पहचान के लिए इतना ही काफी है। जो परिवार 1985 के बाद कुटलैहड़ की जनता से आठ बार एक मौका और मांग चुका हो। उन्होंने कहा कि मेरा मकसद विकास करना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App