Himachal Election: अनुराग चार बार सांसद बन चुके हैं, अब उन्हें अग्रिवीर बनाए जनता

By: May 23rd, 2024 12:01 am

बिलासुपर में प्रचार के दौरान सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा प्रत्याशी पर कसा तंज

दिव्य हिमाचल टीम — बिलासपुर

मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि अनुराग खुद लेफ्टिनेंट बनकर घूम रहे हैं, लेकिन नौजवानों को अग्रिवीर बना दिया है। अनुराग चार बार सांसद बन चुके हैं और जनता को अब इन्हें अग्रिवीर बनाकर घर भेज देना चाहिए और सेवानिवृत्त सैनिक के बेटे रायजादा को दिल्ली भेजना चाहिए। गौर हो कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल सिंह रायजादा के पक्ष में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एक्शन मोड में हैं और ताबड़तोड़ जनसभाएं करते हुए उनके पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। बुधवार को सुक्खू ने राजेश धर्माणी और सतपाल रायजादा की मौजूदगी में बिलासपुर जिला के बद्दाघाट, भराड़ी, बिलासपुर सदर और झंडूता में जनसभाओं को संबोधित किया।

इन जनसभाओं में काफी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि चार बार अनुराग को जनता सांसद बनाकर दिल्ली भेज रही है, लेकिन वहां पर अनुराग सिर्फ मौज-मस्ती करते हैं और हिमाचल के मामलों को नहीं उठाते है। आपदा के समय वह गायब रहे और सिर्फ चुनावों के दौरान ही संसदीय क्षेत्र में नजर आते हंै। इस दैरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि रायजादा ईमानदार और जनता के कार्य करवाने वाले व्यक्ति हैं। इसलिए सतपाल रायजादा को इस बार जनता सांसद बनाएगी।

रेल पर भी झूठ बोल रहे

हमीरपुर संसदीय सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी सतपाल सिंह रायजादा ने कहा है कि अनुराग ठाकुर ऊना तक पहुंची रेल लाइन और ट्रेनों का श्रेय लेने की जद्दोजहद कर रहे हैं, परंतु वह यह भूल गए हैं कि ऊना में रेल 1990 में पहुंच चुकी थी और तब अनुराग राजनीति में भी नहीं थे। कांग्रेस काल में रेललाइन बिछी है और अनुराग इसका भी झूठा श्रेय लेने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अनुराग जनता को ऊना पहुंची ट्रेनों की संख्या न बताएं, बल्कि यह बताएं कि ऊना से हमीरपुर के लिए एक इंच भी रेललाइन क्यों नहीं बिछवा पाए।

नोट के दम पर मुख्यमंत्री की कुर्सी गिराना चाहती है भाजपा

स्टाफ रिपोर्टर — घुमारवीं

घुमारवीं के बद्धाघाट में आयोजित चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि महिलाओं के 1500 रुपए भाजपा तो क्या, खुद जयराम ठाकुर भी नहीं रुकवा सकते हैं। पहली जून को धनबल की राजनीति करने वालों के खिलाफ देश में संदेश जाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने ‘जनबल जीतेगा और धनबल हारेगा’ का नारा दिया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जनसभा में भाजपा पर जमकर निशाने साधे। कहा कि भाजपा नोट के दम पर मुख्यमंत्री की कुर्सी गिराना चाहती है। इसके चलते कुछ विधायक बिक गए। उन्होंने कहा कि बिकने वालों और खरीदने वालों को सबक सिखाने का समय आ गया है। सुक्खू ने कहा कि यह साधारण चुनाव नहीं है। इस चुनाव से भविष्य की राजनीति की दशा और दिशा तय होगी। हिमाचल से पहली जून को धनबल की राजनीति करने वालों के खिलाफ पूरे देश में संदेश जाना चाहिए। धनबल के आगे जनबल जीतना चाहिए। चुने हुए विधायकों को खरीदना जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सत्ता के भूखे होने के साथ कर्मचारियों और महिलाओं के विरोधी भी हैं। सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सरकार को कोई खतरा नहीं है।

बंद होगी अग्रिवीर योजना

सीएम ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही अग्निवीर योजना को बंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने एक साल में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाकर राजस्व को बढ़ाया है।

धनबल से सरकार गिराने की साजिश का जवाब देगी जनता

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — ऊना

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा ने जिस प्रकार से हिमाचल की देवभूमि में धनबल से सरकार तोडऩे की साजिश रची, इस साजिश को प्रदेश की जनता करारा जवाब देगी। मुकेश अग्रिहोत्री बुधवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत खडड, पंडोगा, ईसपुर, भदसाली लोअर, वालीवाल, छेत्रां, कुठार बीत व ललड़ी में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा के पक्ष में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चुनावों के परिणाम के बाद सरकार पूरी तरह मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि जो बिक गए, उन्हें सबक सिखाने की जरूरत है। ऊना जिला के दो विधायकों ने कांग्रेस पार्टी को धोखा दिया, लेकिन कांग्रेस पार्टी की सरकार को बचाने के लिए ऊना के दो विधायक, मैं और सुदर्शन बबलू सरकार के साथ खड़े रहे, यह भी इतिहास में दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि आज फिर जिला ऊना के पास मौका आया है कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद ऊना जिला से बने। ऊना की जनता ने 1996 में मेजर जनरल विक्रम सिंह को बढ़त देकर सांसद बनाया था,अब एक बार फिर से जनता ऊना के सतपाल रायजादा को अपना समर्थन दें तथा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का सांसद चुने।

सरकार के काम गिनाए

डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि महिलाओं को 1500 रूपए देने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियो को पेंशन देकर उनका भविष्य सुरक्षित कर दिया गया है। कहा कि 4500 करोड का आपदा पैकेज सरकार ने अपने संसाधनों से दिया है। 11,000 करोड का क्लेम केंद्र को भेजा गया, लेकिन कोई पैसा नहीं आया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App