चंदन-देशी घी की खुशबू से महकेगा चैहड़ का अखाड़ा

By: May 7th, 2024 12:16 am

घुमारवीं के चैहड़ में कल होगा दंगल, हल्दी के रंग में रंगेगा अखाड़ा, माटी के अखाड़े में बिखेरा जाएगा चंदन का बूर, हल्दी, देशी घी व सरसों का तेल

स्टाफ रिपोर्टर- घुमारवीं
देशभर में अपनी विशेष पहचान बना चुके घुमारवीं का चैहड़ अखाड़ा इस साल चंदन व देसी घी की खुशबू से महकेगा। अखाड़ा हल्दी के रंग में रंगेगा। चैहड़ में माटी के अखाड़े में पहली बार चंदन का बूर, हल्दी, देसी घी व सरसों का तेल बिखेरा जाएगा। इससे पूरा अखाड़ा इनकी खुशबू से महकता रहेगा। अखाड़े में भारत केसरी, भारत कुमार, हिमाचल केसरी व चैहड़ केसरी के खिताब को उतरने वाले पहलवान इनकी खुशबू में अपना दमखम दिखाएंगे। आठ मई (बुधवार) को होने वाले घुमारवीं के चैहड़ में अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के पहलवान दम दिखाएंगे। घुमारवीं के इस माटी के अखाड़े में पुरूष ही नहीं, बल्कि महिला पहलवान भी उतरेंगी। चैहड़ में होने वाली छिंज का लुत्फ कुश्ती प्रेमी दुधिया रोशनी में भी उठा सकेंगे। देर शाम तक चलने वाली इस छिंज के लिए आयोजकों ने विशेष प्रबंध कर रखे हैं। चैहड़ अखाड़े में फ्लड लाइट्स की व्यवस्था कर रखी है। जिससे सूर्य अस्त होने के बाद कुश्ती प्रेमी दूधिया रोशनी में छिंज का लुत्फ उठा सके। जय लखदाता पीर दंगल कमेटी भारत केसरी चैहड़ ने बुधवार को होने वाली छिंज के लिए प्रबंध में जुटी है।

बुधवार को दोपहर 11 बजे शोभायात्रा से छिंज का आगाज होगा। शोभायात्रा शिव मंदिर टिक्करी से लेकर बाजार से होकर चैहड़ अखाड़े तक निकाली जाएगी। जिसके बाद दोपहर एक बजे कुश्तियों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। अखाड़े में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश देने की परंपरा का हर साल की तरह इस साल भी निर्वहन किया जाएगा तथा इस साल छिंज में आने वाले लोगों के लिए वोट का महत्व भी बताया जाएगा। बताते चलें कि घुमारवीं के चैहड़ में हर साल 18 अप्रैल को दंगल होता है। लेकिन, कुछ कारणों से इस साल यह दंगल आठ मई को हो रहा है। लोगों के सहयोग से आयोजित होने वाली इस छिंज में देशभर के नामी पहलवान अखाड़े में उतरते हैं। जय लखदाता पीर दंगल कमेटी भारत केसरी चैहड़ के पदाधिकारी व सदस्य इसमें जुट गये हैं। आठ मई को होने वाली इस छिंज में पहलवानों को लाखों रूपयों के ईनाम दिए जाते हैं। हजारों लोग इस छिंज को देखने के लिए घुमारवीं पहुंचते हैं। दंगल स्थल पर सुबह से ही लोगों का हजूम उमडऩे लग जाता है। उधर, जय लखदाता पीर दंगल कमेटी भारत केसरी के प्रधान जोगेन्द्र सिंह जोगी, महासचिव कमल ठाकुर, उपाध्यक्ष दिनेश ठाकुर लक्की, संचालक हरिया राम, सह-सचिव विनोद सोनी कोषाध्यक्ष राकेश ठाकुर, सलाहकार विक्रम शर्मा, जगदीश, प्रेम वशिष्ठ व राजेश गुलेरिया ने बताया कि चैहड़ में आठ मई को 12वां भारत केसरी दंगल होगा।

चार खिताब को भिड़ेंगे मल्ल

चैहड़ की धरती पर होने वाले महामल्ल युद्ध की खिताबी भिडंत में चार मालियां रखी गई हैं। जिनमें भारत केसरी, भारत कुमार , हिमाचल केसरी व चैहड़ केसरी के खिताब को पहलवान दम दिखाएंगे। इस साल ढ़ाई लाख रुपए की कुश्ती मुख्य आकर्षण रहेगी।

जस्सा पट्टी-पृथ्वीराज की कुश्ती रहेगी दिलचस्प

चैहड़ अखाड़े में आठ मई को होने वाले भारत केसरी दंगल में महाराष्ट्र के 21 वर्षीय युवा पहलवान पृथ्वीराज तथा माटी के अखाड़े के किंग जस्सा पट्टी की कुश्ती दिलचस्प होगी। कमेटी ने विशेष तौर पर महाराष्ट्र के पृथ्वीराज व पंजाब के जस्सा पट्टी में कुश्ती करवाने का निर्णय लिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App