मुख्यमंत्री ने सुजानपुर की जनता के छीने हक

By: May 24th, 2024 12:55 am

भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा बोले, एक जून को सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को आईना दिखाएगी सुजानपुर की जनता

निजी संवाददाता-सुजानपुर
पूर्व विधायक और सुजानपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने गुरुवार को एक दर्जन से अधिक नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अपने 14 महीने के शासन में मुख्यमंत्री ने सुजानपुर क्षेत्र की जनता के हक छीने हैं और विकास कार्यों पर अंकुश लगाया है। राजेंद्र राणा ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में सुजानपुर के लिए स्वीकृत आईपीएच और इलेक्ट्रिकल विभाग के डिवीजन को सुक्खू सरकार ने सत्ता में आते ही बंद कर दिया और जिला का मुख्यमंत्री होने का पहला तोहफा सुजानपुर की जनता को दिया। इसके बाद उन्होंने चुने हुए विधायकों को जलील करना शुरू किया और सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की बजाय विकास कार्यों में अड़ंगा लगाना शुरू कर दिया। राजेंद्र राणा ने कहा कि सुजानपुर की जनता 1 जून को सुक्खू को आईना दिखाने के लिए तैयार बैठी है। मुख्यमंत्री अभी तक सुजानपुर की जनता के सवालों का जवाब नहीं दे पा रहे हैं।

सुजानपुर के साथ पिछले 14 महीने में किए गए भेदभाव को लेकर वह कोई स्पष्टीकरण भी जनता को नहीं दे पा रहे हैं। राजेंद्र राणा ने कहा कि सुजानपुर की जनता पूरी तरह यह मन बना चुकी है कि एक जून को उनका एक वोट केंद्र में भाजपा सरकार का प्रधानमंत्री बने और दूसरा वोट हिमाचल में भाजपा सरकार का मुख्यमंत्री बनने के लिए कमल के चुनाव चिन्ह पर जाएगा और 4 जून को रिजल्ट आने पर सुक्खू सरकार का बोरिया बिस्तर भी गोल हो जाएगा। राजेंद्र राणा की नुक्कड़ सभाओं में जहां लगातार ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी हुई नजर आ रही है, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी का प्रचार पिछले कुछ दिनों से धीमा नजर आ रहा है। दरअसल जब सीएम का दौरा रहता है उस दौरान तो कांग्रेस प्रत्याशी के कार्यक्रमों में भीड़ रहती है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से देखा जा रहा है कि रूटीन के कार्यक्रमों में पार्टी के पदाधिकारियों के अलावा लोगों की सं या में कमी देखी जा रही है। हालांकि उसका एक कारण बढ़ती गर्मी भी बताया जा रहा है।

राजेंद्र राणा बोले, अनुराग को दिलाएंगे बंपर लीड
सुजानपुर। सुजानपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के प्रत्याशी व भारत सरकार में मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता बंपर मतों से लीड दिलवाएगी। पहली जून को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता दो वोट डालेगी एक वोट अनुराग ठाकुर और एक वोट राजेंद्र राणा को।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App