सीएम बताएं, कुटलैहड़ की सिंचाई स्कीम क्यों रोकी

By: May 23rd, 2024 12:56 am

कुटलैहड़ से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कांग्रेस सरकार पर दागा सवाल
कार्यालय संवाददाता- बंगाणा
कुटलैहड़ से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं 20 करोड़ रुपए की कुटलैहड़ सिंचाई स्कीम को क्यों स्वीकृति नहीं दी। सीएम ने क्यों अपने विधायकों को 14 महीने मिलने के लिए समय नहीं दिया। अगर उनके पास अपने विधायकों के लिए समय नहीं है तो जनता को उनसे क्या आस रखनी चाहिए। देवेंद्र कुमार भुट्टो ने बुधवार को कुटलैहड़ विस क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने वन मैन आर्मी की तरह काम किया। चुने हुए जनप्रतिनिधियों के काम नहीं किए। सीएम ने केवल अपने मित्रों को खुश करने का ही काम किया।

वह कुटलैहड़ क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर कई बार सीएम के पास गए, लेकिन उनके पास हमारे लिए समय ही नहीं था। सीएम से जब भी विकास पर बात की, तो उन्होंने एक कान से सुनी और दूसरे से निकाल दी। कुटलैहड़ सिंचाई स्कीम लंबे समय से रोकी हुई है। देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि सीएम पद की अपनी एक गरिमा होती है। लेकिन सीएम ने बिकाऊ-टिकाऊ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर इस पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अब उन्हें कुर्सी जाने का डर है तो वह कुटलैहड़ में बार-बार आ रहे है। भुटटों ने कहा कि वह राजनीति ऐशो-आराम करने के लिए नहीं आए थे, बल्कि जनता की सेवा के लिए आए थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App