आनंद शर्मा के साथ धर्मशाला पहुंचेंगे सीएम

By: May 2nd, 2024 10:37 pm

कांगड़ा लोकसभा सीट के रण में उतरने से पहले शिमला आएंगे कांग्रेस के पूर्व मंत्री

टीम — धर्मशाला, शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार को कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा के साथ धर्मशाला पहुंचेंगे। यहां पहुंच कर मुख्यमंत्री लोकसभा के साथ उपचुनावों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से बैठक कर प्लान बनाएंगे। लोकसभा और प्रदेश में हो रहे विधानसभा उपचुनाव को लेकर इन दिनों धर्मशाला हॉट सीट बन गई है। इसका सबसे बड़ा कारण यह भी है धर्मशाला उपचुनाव में कांग्रेस अभी अपना प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई है। वहीं, कांगड़ा-चंबा से कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व मंत्री आनंद शर्मा कांगड़ा में कैंप लगाने वाले हैं। उनका कार्यालय धर्मशाला में होगा और वह पहली जून तक यहीं से पूरे चुनाव की रूपरेखा तैयार करेंगे। हालांकि कांगड़ा जाने से पहले आनंद शर्मा शिमला आएंगे। शुक्रवार को उनका शिमला पहुंचने का कार्यक्रम तय है। वह गुरुवार देर रात चंडीगढ़ से कसौली पहुंचकर शुक्रवार को हेलिकॉप्टर से शिमला पहुंचेंगे।

कांग्रेस ने कांगड़ा में पूर्व केंद्रीय मंत्री को चुनाव मैदान में उतारा है और उनके नाम की घोषणा के साथ ही प्रचार का प्रारूप भी तैयार कर लिया गया है। आनंद शर्मा के नाम फैसला होने के साथ ही कांगड़ा और चंबा दोनों जिलों में उनके बाहरी होने की चर्चा भी धरातल पर शुरू हो गई थी। अब आनंद शर्मा धर्मशाला में कार्यालय शुरू कर इस चर्चा पर विराम लगाने का भी प्रयास करेंगे। गौरतलब है कि बीते तीन लोकसभा चुनाव से कांग्रेस कांगड़ा में लोकसभा चुनाव हार रही है। अब हाइकमान ने आनंद शर्मा को यहां से उतारा है। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र की जिम्मेदारी कांग्रेस ने कृषि मंत्री चंद्र कुमार को सौंपी है। इसके अलावा सीपीएस किशोरी लाल को सह प्रभारी बनाया गया है।

आनंद शर्मा लड़ेंगे दूसरा चुनाव

कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा इससे पहले 1982 में शिमला से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। उस समय आनंद शर्मा को भाजपा के दौलत राम चौहान ने हरा दिया था, जबकि आनंद शर्मा का यह पहला लोकसभा चुनाव है। हालांकि वह राज्यसभा के कई बार सदस्य रह चुके हैं और केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App