अपनी पुश्तैनी सीटों पर चुनाव लडऩे से भाग रही कांग्रेेस

By: May 7th, 2024 12:16 am

देहलां में पन्ना प्रमुख सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर जमकर किया वार

कार्यालय संवाददाता-मैहतपुर बसदेहड़ा
देश में लगातार तीसरी बार मोदी सरकार बनेगी। यह दावा केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने ऊना विधानसभा क्षेत्र के तहत देहलां में पन्ना प्रमुख सम्मेलन के दौरान किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा की सुनामी को देखकर नेहरू-गांधी परिवार के हाथ पांव फूल गए हैं। हार के डर से गांधी परिवार अपनी पुश्तैनी सीटों पर चुनाव लडऩे से भाग रहे हंै।

उन्होंने कहा कि मोदी जी का देश सहित विदेशों में डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी के डर से आज सारा विपक्ष एक होकर चुनाव लड़ रहा है। इसके बावजूद देश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में विकास करवाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। बिलासपुर में एम्स खोला गया। जिसका लाभ हमीरपुर संसदीय क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश को हुआ है। अब ऊना में पीजीआई सेटेलाइट सेंटर बनाया जा रहा है।

अनुराग ठाकुर आज गगरेट में चैतन्य शर्मा के लिए मांगेंगे वोट

मुबारिकपुर। गगरेट भाजपा ने पन्ना प्रमुख सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सोमवार को चलेट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। जिसकी अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव राजू ने की। जबकि इस अवसर पर गगरेट विधानसभा उपचुनाव हेतु भाजपा प्रत्याशी चैतन्य शर्मा, उत्तराखंड से भाजपा विधायक सुरेश सिंह घडिय़ा, प्रभारी पूर्व विधायक राजेश ठाकुर, सहप्रभारी नवीन धीमान एवं जिला परिषद सदस्य सुशील कालिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर 7 मई को ब्रह्मपुर में 3 रेलवे पुल के समीप श्रद्धा पैलेस में मंगलवार सुबह 9 बजे होने वाले पन्ना प्रमुख सम्मेलन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे गये। विदित रहे कि पन्ना प्रमुख सम्मेलन में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर मुख्यातिथि के रूप शिरकत करेंगे। भाजपा प्रत्याशी चैतन्य शर्मा ने बताया कि मंगलवार को होने वाले पन्ना प्रमुख सम्मेलन को लेकर मंडल भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर रणनीति बनाई गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App